Samachar Nama
×

महिला आरक्षण बिल से आधी आबादी को पूरा राजनीतिक हक मिलेगा : मुख्तार अब्बास नकवी

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण बिल को ध्यान में रखकर संसद का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को इस बिल को देश की आधी आबादी के लिए जरुरी बताया।
महिला आरक्षण बिल से आधी आबादी को पूरा राजनीतिक हक मिलेगा : मुख्तार अब्बास नकवी

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण बिल को ध्यान में रखकर संसद का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को इस बिल को देश की आधी आबादी के लिए जरुरी बताया।

मुख्तार अब्बास नकवी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "महिला आरक्षण बिल ऐतिहासिक है। इसके कानून बनने के बाद आधी आबादी को पूरा राजनीतिक हक मिलने वाला है। यह महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मुझे नहीं लगता कि किसी को भी इस प्रगतिशील मिशन पर रोक लगाने की जरूरत है। अगर विरोध करने वाले कहीं पर आपत्ति जताएंगे, बहानेबाजी बनाएंगे और शर्ते बताएंगे तो सड़क और जनता के बीच उनका क्या हाल होगा, इसका अंदाजा उन्हें नहीं है। मुझे लगता है कि सभी को मिलकर महिला आरक्षण बिल के डिबेट में हिस्सा लेने की जरूरत है और साथ ही साथ निर्णय में हिस्सेदार और भागीदार बनने की जरूरत है।"

भाजपा नेता ने आगे कहा, "जब आप महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करेंगे, तो निश्चित तौर पर इसके बाद सीटें बढ़ेंगी। निश्चित तौर पर देश में महिला आरक्षण सोनिया गांधी के समय पास तो हो गया था, लेकिन वह ठंडे बस्ते में रहा। आज मोदी सरकार जिस रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म के संकल्प के साथ सरकार काम कर रही है, उसके मद्देनजर यह इस बार पास भी होगा और लागू भी होगा।"

उन्होंने मिडिल ईस्ट मुद्दे पर कहा, "भारत ने पीएम मोदी के नेतृत्व में इस वैश्विक संकट में विश्वसनीय समझदारी दिखाई है। उसी का नतीजा है कि संसार भारत के इस संवेदनशील समझदारी का सम्मान कर रहा है। ईरान ने भी समय-समय के साथ भारत के इस समझदारी और संवेदनशीलता की सराहना की है। यह अपने आप में हर भारतवासी के लिए गर्व करने वाली बात है।"

उन्होंने बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा, "भाजपा लगातार बार-बार अपनी राजनीतिक जमीन का विस्तार कर रही है, जिसका एक ही कारण है कि पार्टी की सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता है और इसके लिए मजबूती के साथ काम कर रही है। बिहार में सम्राट चौधरी एक जमीनी नेता हैं, और वह प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं, जो बहुत ही खुशी की बात है।"

नकवी ने आई-पैक के सह संस्थापक और डायरेक्टर की गिरफ्तारी पर कहा, "ममता दीदी को समझना चाहिए कि इवेंट और पॉलीटिकल मैनेजमेंट कंपनियों के भरोसे चुनाव में उतर रही हैं, तो वह गच्चा खाएंगी। इनके भरोसे चुनाव जीते नहीं जाते। भाजपा अपने कैडर के भरोसे और उसके साथ खड़े होकर चुनाव जीतती है। जब जनता टीएमसी को चुनाव में चारों खाने चित्त करेगी, तो वह वोटचोरी का इल्जाम लगाएंगे।"

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story

Tags