Samachar Nama
×

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक विकसित भारत-2047 की राह में मील का पत्थर होंगे : गीता कोड़ा

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक विकसित भारत-2047 की राह में मील का पत्थर होंगे : गीता कोड़ा
महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक विकसित भारत-2047 की राह में मील का पत्थर होंगे : गीता कोड़ा

रांची, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक का समर्थन करते हुए कहा है कि देश की आधी आबादी से किया गया वादा पूरा करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण लागू होने से महिलाएं घर की दहलीज से बाहर निकलकर देश के विकास और निर्णय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। दोनों विधेयक विकसित भारत-2047 की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

गीता कोड़ा रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सपनों और देश के भविष्य से जुड़े इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति, सामर्थ्य, सृजन और नेतृत्व की प्रतीक रही है। गार्गी और मैत्रेयी से लेकर रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर तक भारतीय इतिहास महिलाओं के नेतृत्व और क्षमता का साक्षी रहा है। महिला सशक्तीकरण का अर्थ केवल सुविधाएं देना नहीं, बल्कि निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व का अवसर प्रदान करना है।

कोड़ा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। वर्ष 2023 में पारित 106वां संविधान संशोधन विधायी संस्थाओं में महिलाओं को एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने का प्रावधान करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लाभार्थी की भूमिका से आगे बढ़ाकर विकास की भागीदार और नेतृत्वकर्ता बनाना जरूरी है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से नीति निर्माण में समाज के विविध अनुभवों और दृष्टिकोणों को जगह मिलेगी।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण केवल सीटों का विस्तार नहीं, बल्कि लोकतंत्र में महिलाओं के सम्मान और सहभागिता का विस्तार है। महिला नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों की बेटियों के लिए भी नए अवसर और आत्मविश्वास का मार्ग प्रशस्त करेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गीता कोड़ा ने कहा कि परिसीमन और आदिवासी सीटों के मुद्दे पर कांग्रेस को बोलने का अधिकार नहीं है।

उन्होंने 2007 में परिसीमन के दौरान झारखंड की सात विधानसभा और एक लोकसभा आदिवासी सीट कम किए जाने के प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा कि विरोध के बाद राज्य में परिसीमन को 2026 तक रोक दिया गया था। उन्होंने झारखंड के सभी 14 लोकसभा और छह राज्यसभा सांसदों से दोनों विधेयकों का समर्थन करने और इन्हें पारित कराने में सहयोग करने की अपील की।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story