महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर एनडीए नेताओं का विपक्ष पर तंज, नेता बोले- विरोध करने वाले होंगे बेनकाब
नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। प्रस्तावित महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों को लेकर देश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। एनडीए के नेताओं ने इन विधेयकों को देश की संवैधानिक जरूरत बताते हुए विपक्ष से सर्वदलीय सहमति बनाने की अपील की है। वहीं, विपक्ष के विरोध पर जेडीयू और भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए हैं। जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण देश की संवैधानिक आवश्यकता हैं। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने विपक्ष पर देश की प्रगति में बाधा डालने का आरोप लगाया।
जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों का समर्थन करते हुए कहा कि ये देश की संवैधानिक आवश्यकता हैं। विपक्ष लगातार संविधान बचाने की बात करता है, ऐसे में उसे स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह परिसीमन का विरोध कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के साथ न्याय नहीं किया है। इतने लंबे समय बाद महिला आरक्षण विधेयक संसद में आ रहा है, इसलिए इस पर सभी दलों के बीच सहमति बननी चाहिए।
नीरज कुमार ने कहा कि यदि सर्वदलीय सहमति नहीं बनती है तो यह दुखद होगा। साथ ही, परिसीमन और महिला आरक्षण का विरोध करने वाले राजनीतिक दल जनता के सामने बेनकाब हो जाएंगे।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा परिसीमन विधेयक को 'संसद की चोरी' बताए जाने पर भी नीरज कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि वे इसे संसद की चोरी बता रहे हैं तो क्या झारखंड और कर्नाटक में चोरों की सरकार है? उन्होंने बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वे वोट चोरी करके चुनाव जीते हैं? नीरज कुमार ने कहा कि विपक्ष को राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि प्रस्तावित महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों को राजनीतिक नजरिए से देखना उचित नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्षी दल इस विषय की गंभीरता को समझेंगे और संसद के विशेष सत्र में जनहित में फैसला लेंगे।
उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनेगा, वह इस कानून के साथ खड़ा होगा। देश की प्रगति नहीं चाहने वाले ही इसका विरोध करेंगे। विपक्ष का इन विधेयकों का विरोध करना देशहित में नहीं है।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर बोलते हुए गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि यह संविधान का लक्ष्य है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भी इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट किया था। उन्होंने कहा कि जो लोग यूसीसी का विरोध करते हैं, वे संविधान की भावना का विरोध कर रहे हैं।
वहीं, उत्तराखंड सरकार के मंत्री धन सिंह रावत ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में कदम उठाए हैं। अब संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इसके लिए विशेष सत्र बुलाया गया है और उन्हें उम्मीद है कि विधेयक पारित होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनावों, स्थानीय निकायों और पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत, जबकि सहकारी समितियों में 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसी तरह, विधेयक पारित होने के बाद महिलाओं को संसद और राज्य विधानसभाओं में भी 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

