महासमुंद : बोरी में बंद युवक की लाश कुएं से बरामद, इलाके में फैली सनसनी
रायपुर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में इन दिनों अपराध दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। यहां से आए दिन हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही है। इसी क्रम में एक ताजा मामला महासमुंद कोतवाली थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत लभरा खुर्द से प्रकाश में आया है, जहां सुबह एक कुएं में बोरी में बंद युवक की लाश मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत सब स्टेशन के पीछे स्थित बडे झाड़ के जंगल के पास बदबू आ रही थी। ग्रामीणों की शिकायत पर सरपंच ने गांव के कोटवार को बदबू की वजह देखने के लिए जंगल की ओर भेजा। कोटवार ने मौके पर पहुंचकर आसपास देखा तो सितली नाला नहर से लगे पंप हाउस के कुएं में एक बोरी में कुछ डूबा हुआ दिखाई दिया। उक्त बोरी को जब देखा गया तो उसमें अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली।
मामले की सूचना कोटवार ने सरपंच और पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। बोरी को जब निकालकर देखा गया तो शव की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया था और शव को बोरी में भरकर पत्थरों से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक मृत युवक की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है और लाश लगभग 25 से 30 दिन पुरानी है। शव पूरी तरह से सड़ गई थी। शव किस युवक की है, उसकी मौत कब व कैसे और किसके द्वारा की गई है, अब यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस शव की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं, इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टयता हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, इसलिए पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच में जुट गई है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

