Samachar Nama
×

महाराष्ट्र: ठाणे में शिवसेना-यूबीटी के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

महाराष्ट्र: ठाणे में शिवसेना-यूबीटी के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
महाराष्ट्र: ठाणे में शिवसेना-यूबीटी के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

ठाणे, 30 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे में शिवसेना-यूबीटी के मानपाड़ा विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की मंगलवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रदीप पूर्णेकर ने हाल ही में एक स्थानीय बिल्डर की कथित मनमानी के विरोध में बड़ा आंदोलन करने की घोषणा की थी। इस आंदोलन से पहले उनकी हत्या की गई है।

यह हमला मनोरमानगर इलाके में प्रदीप पूर्णेकर के कार्यालय के ही नजदीक हुआ। जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने प्रदीप पूर्णेकर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान दो गोली पूर्णेकर को लग गईं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि पूर्णेकर ने हेलमेट और मास्क पहन रखा था। इसके बावजूद हमलावर उसे पहचान पाए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। यह भी जानकारी सामने आई है कि गोलीबारी में घायल पूर्णेकर को अस्पताल ले जाते समय एक अन्य व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में भी वह गंभीर रूप से घायल हुए। बाद में अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया।

बताया गया है कि प्रदीप पूर्णेकर एक स्थानीय बिल्डर की कथित मनमानी के विरोध में आंदोलन करने वाले थे। इसके लिए उन्होंने कापूरबावड़ी पुलिस थाने से अनुमति भी मांगी थी। हालांकि, इससे पहले उन पर हमला हो गया, जिससे इस घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, पूर्णेकर की हत्या के पीछे आंदोलन या बिल्डर विवाद का ही हाथ है, इसकी अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। फिलहाल, घटना के बाद पुलिस ने इलाके में जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर कितने थे, उनके पास किस तरह के हथियार थे और वारदात के बाद वे किस दिशा में फरार हुए।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags