Samachar Nama
×

महाराष्ट्र: नाना पटोले का मोदी सरकार पर हमला, बोले- देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात

महाराष्ट्र: नाना पटोले का मोदी सरकार पर हमला, बोले- देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात
महाराष्ट्र: नाना पटोले का मोदी सरकार पर हमला, बोले- देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात

नागपुर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने दिल्ली में सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर लगाई गई पाबंदियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाया जा रहा है और अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात पैदा कर दिए गए हैं। पटोले ने अभिजीत दिपके की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों को विरोध-प्रदर्शन करने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का अधिकार है।

नाना पटोले ने कहा कि अगर सरकार लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई है, तो उसे लोगों के विरोध-प्रदर्शन पर इस तरह की पाबंदियां नहीं लगानी चाहिए। 2014 से ही देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं। दिल्ली आने वाली ट्रेनों और मेट्रो सेवाओं पर रोक लगाने के साथ हवाई यात्रा करने वाले लोगों को भी विमान से उतारे जाने और पकड़े जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इस तरह की पाबंदियां लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ हैं। मोदी सरकार जनता का सामना करने से डर रही है। उन्होंने दिल्ली में पैदा हुए हालात की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से सवाल किया कि आखिर लोगों को अपने मुद्दे उठाने से क्यों रोका जा रहा है।

अभिजीत दिपके को विमान से उतारकर गिरफ्तार किए जाने के सवाल पर पटोले ने सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने अंग्रेजों के शासन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में भी महात्मा गांधी और अन्य नेताओं ने आंदोलन किए थे। पटोले ने सवाल उठाया कि जब लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनी गई सरकार के शासन में विरोध करने का अधिकार ही नहीं रहेगा, तो लोकतंत्र का क्या अर्थ रह जाएगा। उन्होंने अभिजीत दिपके की गिरफ्तारी को सरकार की घबराहट का संकेत बताया और कहा कि कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई का विरोध करती है।

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पटोले ने कहा कि युवा राहुल गांधी की आवाज के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में होने वाला यह कार्यक्रम बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा और राज्य के युवा इसमें हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। छात्रों और युवाओं की आवाज उठाने के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के बाद राहुल गांधी के चुनावी धांधली संबंधी बयान और भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी की प्रतिक्रिया पर भी पटोले ने अपनी बात रखी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता राहुल गांधी के बयानों का विरोध करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने विपक्षी नेताओं की बातें सुनीं और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस चुनावी गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story