Samachar Nama
×

महाराष्ट्र: मुलुंड में मेट्रो लाइन पर कंक्रीट स्लैब गिरने से एक की मौत, तीन घायल

मुंबई, 14 फरवरी (आईएएनएस)। मुंबई के मुलुंड इलाके में निर्माणाधीन मेट्रो लाइन 4 (वडाला-कासरवडावली) के पियर पी196 के पास शनिवार दोपहर करीब 12.15 बजे एक बड़ा हादसा हुआ। पैरापेट सेगमेंट का एक कंक्रीट स्लैब (लगभग 6 फीट x 4 फीट) ऊंचाई से गिरकर एलबीएस रोड पर गुजरते एक ऑटो-रिक्शा और एक स्कोडा कार पर जा गिरा। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।

एमएमआरडीए के आधिकारिक बयान के अनुसार, हादसा मुलुंड फायर स्टेशन के नजदीक राजीव (मिलन) स्ट्रेच में हुआ। गिरते स्लैब ने ऑटो-रिक्शा को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि कार भी बुरी तरह प्रभावित हुई। मृतक की पहचान रामधन यादव के रूप में हुई है, जिन्हें अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित किया गया। घायलों में राजकुमार इंद्रजीत यादव (45) गंभीर हालत में आईसीयू में हैं, जबकि महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) की हालत स्थिर है।

सभी घायलों को पास के उपासना मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एमएमआरडीए ने घायलों का पूरा इलाज खर्च उठाने और प्रभावित परिवारों को नीति के अनुसार वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।

घटना के तुरंत बाद प्रोजेक्ट टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया। बैरिकेडिंग की गई है। बीएमसी, डिजास्टर मैनेजमेंट, पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर स्ट्रक्चरल सेफ्टी असेसमेंट शुरू कर दिया गया है। कामकाज को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

एमएमआरडीए ने हाई-लेवल जांच कमेटी गठित की है, जिसकी अध्यक्षता डायरेक्टर (प्रोजेक्ट्स) बसवराज एम. भद्रगोंड कर रहे हैं। कमेटी कंस्ट्रक्शन मेथड, क्वालिटी कंट्रोल, सुपरविजन और कम्प्लायंस की गहन जांच करेगी। रिपोर्ट जल्द मांगी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल कुछ पुराने विजुअल्स को इस घटना से जोड़ा जा रहा है, लेकिन एमएमआरडीए ने स्पष्ट किया कि वे अलग जगह के हैं। पी196 अलग पियर है, और जांच में इस पहलू को भी शामिल किया जाएगा।

एमएमआरडीए ने लोगों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि जांच के नतीजों पर सख्त कार्रवाई होगी और दोबारा ऐसी घटना रोकने के लिए मजबूत सुधार लागू किए जाएंगे।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags