Samachar Nama
×

'महाराष्ट्र में यूसीसी का स्वागत करते हैं', शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े का बयान

'महाराष्ट्र में यूसीसी का स्वागत करते हैं', शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े का बयान
'महाराष्ट्र में यूसीसी का स्वागत करते हैं', शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े का बयान

मुंबई, 10 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े ने कहा कि राज्य सरकार ने यूसीसी के कानूनी पहलुओं का अध्ययन करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति गठित की है। उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट आने के बाद सरकार आगे की कार्रवाई करेगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, उद्धव ठाकरे गुट और विपक्ष के अन्य नेताओं पर भी निशाना साधा।

शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की एक रिटायर्ड जज के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है, जो यूसीसी के कानूनी पक्ष का अध्ययन करेगी और छह महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। यूसीसी को लेकर सुझाव, सुधार और कमियों पर सरकार भी अध्ययन करेगी। इसके बाद सरकार यूसीसी पर अमल करेगी। यूसीसी लागू किए जाने का कार्य पूरे देश में हो रहा है। दूसरे राज्यों में भी इसे लेकर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। महाराष्ट्र में भी यूसीसी का फ्रेमवर्क तैयार होने जा रहा है, जिसका हम स्वागत करते हैं।

पृथ्वीराज चव्हाण द्वारा शरद पवार की पार्टी के कई विधायकों में नाराजगी संबंधी दिए गए बयान पर कृष्ण हेगड़े ने कहा कि पृथ्वीराज चव्हाण वरिष्ठ नेता हैं। वह केंद्रीय मंत्री के साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं, इसलिए उनके पास ऐसी कोई जानकारी होगी, लेकिन हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। कृष्ण हेगड़े ने सुझाव दिया कि पृथ्वीराज चव्हाण एनसीपी (शरद पवार) पर नजर रखने की बजाय अपनी पार्टी पर नजर रखें, तो हो सकता है कि कांग्रेस प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करे। पिछले दो वर्षों में सिर्फ महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी पांच चुनाव हार चुकी है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 100 से अधिक चुनाव हार चुकी है।

शरद पवार और एकनाथ शिंदे की मुलाकात पर संजय राउत के बयान पर उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में उद्धव ठाकरे की पार्टी पांच चुनाव हार चुकी है। लोगों ने बता दिया कि बाला साहेब ठाकरे के असली उत्तराधिकारी कौन हैं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना सभी चुनाव जीत चुकी है। सबसे अधिक विधायक, सांसद और कार्यकर्ता हमारे साथ हैं और लोगों का आशीर्वाद भी हमारे साथ है। इसके साथ ही शिवसेना पार्टी का चुनाव चिह्न भी हमारे पास है। इससे पता चलता है कि गद्दार कौन है और किसे लोगों ने नकार दिया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के लिए हमने काम किया है। शरद पवार जैसे अनुभवी नेता जब एकनाथ शिंदे से मिलने पहुंचे तो इसमें संजय राउत को चौंकना नहीं चाहिए। संजय राउत पहले शरद पवार को अपना नेता और गुरु मानते थे, लेकिन अब वह बदल गए हैं। अब वह शरद पवार को नहीं, बल्कि राहुल गांधी को अपना नेता और गुरु मानते हैं।

प्रताप सरनाईक ने कहा कि अगर कल एक ही गाड़ी में उद्धव ठाकरे, संजय राउत और एकनाथ शिंदे घूमते दिखाई दें तो इसमें कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि राजनीति में कोई भी लंबे समय तक किसी का दुश्मन नहीं रहता। इस पर कृष्ण हेगड़े ने कहा कि प्रताप सरनाईक एक अनुभवी नेता हैं। उन्होंने जो कहा, वह महाराष्ट्र की राजनीतिक विचारधारा को दर्शाता है। यहां विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन किसी से दुश्मनी नहीं होती।

उन्होंने कहा कि चार साल से हम पर वार किया गया, लेकिन हमने पलटवार नहीं किया, बल्कि अपने कामों से जवाब दिया है। यह सब एकतरफा चलता रहा। हमें सिर्फ गालियां दी गईं, लेकिन हमने पलटवार नहीं किया।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags