Samachar Nama
×

महाराष्ट्र में छठ पूजा विरोध पर गरमाई सियासत, राम कदम ने कहा-कांग्रेस बिहार में कर रही समर्थन तो महाराष्ट्र में क्यों है विरोध

महाराष्ट्र में छठ पूजा विरोध पर गरमाई सियासत, राम कदम ने कहा-कांग्रेस बिहार में कर रही समर्थन तो महाराष्ट्र में क्यों है विरोध
महाराष्ट्र में छठ पूजा विरोध पर गरमाई सियासत, राम कदम ने कहा-कांग्रेस बिहार में कर रही समर्थन तो महाराष्ट्र में क्यों है विरोध

मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई की टिप्पणी और कांवड़ यात्रा व दुर्गा पूजा पर समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल के विरोध को लेकर भाजपा नेता राम कदम ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। साथ ही, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की हिंदुत्व की राजनीति पर भी सवाल उठाए। इस दौरान राम कदम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी विवादित टिप्पणी करते हुए उनकी तुलना पंचतंत्र की एक कहानी के पात्र से की।

भाजपा नेता राम कदम ने छठ पूजा को लेकर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खुले तौर पर छठ पूजा का विरोध कर रहे हैं जबकि यह सनातन हिंदू धर्म की आस्था और विश्वास से जुड़ी महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेताओं को छठ पूजा का महत्व मालूम है? उन्होंने कहा कि छठ पूजा भगवान सूर्य की उपासना का पर्व है।

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में छठ पूजा का समर्थन करती है लेकिन मुंबई और महाराष्ट्र में इसका विरोध करती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लोगों से भी अपील की कि वे कांग्रेस नेताओं के इस रुख पर ध्यान दें और इसका जवाब दें।

राम कदम ने राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हिंदुत्व की बात करते हैं, लेकिन हिंदू होने के बावजूद हिंदू धर्म की आस्था और धार्मिक परंपराओं का विरोध करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी भी धर्म की श्रद्धा और आस्था को आहत करने का अधिकार किसी को कैसे हो सकता है? हालांकि, उन्होंने मुंबई की भाषाई और सांस्कृतिक पहचान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुंबई की पहली भाषा मराठी थी, है और हमेशा रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र की बहुभाषी संस्कृति यहां की सामाजिक विरासत है, जिसे भुलाया नहीं जाना चाहिए।

इसके अलावा, राम कदम ने प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पटेल सनातन हिंदू धर्म की पवित्र कांवड़ यात्रा और मां दुर्गा की आराधना से जुड़े दुर्गा पूजा उत्सव का खुले तौर पर विरोध कर रहे हैं और इन धार्मिक परंपराओं को ढोंग बता रहे हैं।

राम कदम ने समाजवादी पार्टी से सवाल किया कि आखिर पार्टी को क्या हो गया है? उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक होने के बावजूद इस तरह के बयान देकर हिंदुओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक तरफ पार्टी के सांसद हिंदू धार्मिक परंपराओं का विरोध करते हैं, वहीं दूसरी ओर अखिलेश यादव अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन करने की बात करते हैं। राम कदम ने इसे समाजवादी पार्टी का दोहरा रवैया बताया।

उन्होंने 1990 के कारसेवा आंदोलन का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस दौरान निहत्थे रामभक्तों, संतों, साधुओं और महंतों पर गोलियां चलाई गई थीं। राम कदम ने अखिलेश यादव से कहा कि राम मंदिर में दर्शन करने से पहले उन्हें अपनी पार्टी के नेताओं के बयानों पर ध्यान देना चाहिए और उन्हें इस तरह की टिप्पणियां करने से रोकना चाहिए।

इस बीच, भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर भी व्यक्तिगत टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले राहुल गांधी के बयानों पर उन्हें चिढ़ होती थी लेकिन अब उनके प्रति सहानुभूति महसूस होती है। उन्होंने राहुल गांधी की तुलना पंचतंत्र की मेंढक और बैल वाली कहानी से करते हुए कहा कि जिस तरह मेंढक बैल जितना विशाल नहीं हो सकता, उसी तरह राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कद और व्यक्तित्व की बराबरी नहीं कर सकते।

राम कदम ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी शारीरिक वृद्धि तो हुई है लेकिन उनके दिमाग में अभी भी 'केमिकल लोचा' बाकी है। उनकी इस टिप्पणी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story