महाराष्ट्र में 21 पुलिस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में बड़े बदलाव
मुंबई, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग ने राज्य पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस तबादला सूची में 21 अधिकारियों के नाम शामिल हैं। यह आदेश पुलिस स्थापना मंडल की सिफारिशों के आधार पर जारी किया गया है।
जारी सूची के अनुसार, कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को महानगरों और विशेष इकाइयों में जिम्मेदारी दी गई है। इन तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना बताया जा रहा है।
अजय बंसल को जालना से हटाकर साइबर सुरक्षा विभाग में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सिंगुरी विशाल आनंद को अमरावती (ग्रामीण) से धुले जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। बालासाहेब पाटिल को नासिक (ग्रामीण) से मुंबई शहर में पुलिस उपायुक्त के पद पर भेजा गया है। सोम्नाथ घार्गे को अहमदनगर से स्थानांतरित कर सहायक पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) बनाया गया है। रविंद्र सिंह परदेशी को परभणी से राज्य गुप्तवार्ता विभाग, मुंबई में उप आयुक्त नियुक्त किया गया है। संदीप घुगे को भी राज्य गुप्तवार्ता विभाग से मुंबई शहर में उप आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा, मुम्मका सुदर्शन को चंद्रपुर से अहमदनगर, तेजवीर सिंह संधू को मालेगांव से जालना और अनुराग जैन को नागरिक सुरक्षा से मुंबई शहर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। कई अन्य अधिकारियों को भी नंदुरबार, वाशिम, परभणी और पुणे जैसे जिलों में नई नियुक्तियां मिली हैं।
गृह विभाग के अनुसार, ये तबादले नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं और राज्य में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थानों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।
इन बदलावों से राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा और कार्यकुशलता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी

