Samachar Nama
×

महाराष्ट्र: लातूर में गन्ना ट्रॉलियों पर आरटीओ की सख्ती, रात के अंधेरे में हादसों का खतरा रोकने के लिए चला विशेष अभियान

महाराष्ट्र: लातूर में गन्ना ट्रॉलियों पर आरटीओ की सख्ती, रात के अंधेरे में हादसों का खतरा रोकने के लिए चला विशेष अभियान
महाराष्ट्र: लातूर में गन्ना ट्रॉलियों पर आरटीओ की सख्ती, रात के अंधेरे में हादसों का खतरा रोकने के लिए चला विशेष अभियान

पुणे, 28 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के लातूर में गन्ना ट्रॉलियों पर आरटीओ की सख्ती देखने को मिली है। रात के अंधेरे में हादसों का खतरा रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

दरअसल, गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से हादसों का खतरा बढ़ रहा है। एक हादसा पूरा परिवार उजाड़ सकता है। इस बात की गंभीरता को देखते हुए और सड़कों पर जिंदगी बचाने के लिए रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (आरटीओ) अधिकारी विनोद चव्हाण की बड़ी पहल देखने को मिली है। गन्ना वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। रात के अंधेरे में मौत का सफर रोकने के लिए लातूर आरटीओ मैदान में उतरे हैं।

महाराष्ट्र के लातूर में सड़क हादसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। गन्ना पेराई का मौसम शुरू होते ही सड़कों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में रात के अंधेरे में बिना रिफ्लेक्टर दौड़ने वाले गन्ना वाहनों से बड़े हादसों का खतरा बना रहता है। इसलिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं।

एक सड़क हादसा सिर्फ एक जिंदगी नहीं छीनता, बल्कि पूरे परिवार को जिंदगीभर का दर्द दे जाता है। इसी खतरे को गंभीरता से लेते हुए लातूर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विनोद चव्हाण के मार्गदर्शन में विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत विभिन्न चीनी मिलों के परिसरों में गन्ना परिवहन करने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों को रिफ्लेक्टर वितरित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वाहन चालकों को रात में वाहनों की दृश्यता बढ़ाने, ओवरलोडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।

परिवहन विभाग की इस पहल का उद्देश्य साफ है कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि हादसे को पहले ही रोक दिया जाए, क्योंकि सड़क पर बरती गई थोड़ी-सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है और किसी परिवार का सहारा छिनने से रोक सकती है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Share this story

Tags