Maharashtra Fire: नालासोपारा की हाईराइज बिल्डिंग में लगी आग, 2 महिलाओं की मौत; 15 लोगों को सुरक्षित निकाला
महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में मंगलवार रात एक ऊंची इमारत में आग लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई। यह घटना इंपीरियल हाइट्स बिल्डिंग में रात करीब 11:30 बजे हुई। आग आठवीं से दसवीं मंजिल के बीच लगी, जिसके बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) के रूप में हुई है।
दमकल और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त बचाव अभियान के दौरान 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा, कई लोग खुद भी इमारत से बाहर निकलने में सफल रहे।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
हादसे के बाद इमारत में सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वजह और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

