Samachar Nama
×

महाराष्ट्र एफडीए का बड़ा एक्शन, असुरक्षित खाद्य पदार्थ पाए जाने पर 8 प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निलंबित

महाराष्ट्र एफडीए का बड़ा एक्शन, असुरक्षित खाद्य पदार्थ पाए जाने पर 8 प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निलंबित
महाराष्ट्र एफडीए का बड़ा एक्शन, असुरक्षित खाद्य पदार्थ पाए जाने पर 8 प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निलंबित

मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यभर में असुरक्षित और अवैध खाद्य पदार्थों के खिलाफ एक महीने तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 11 छापों में 1.07 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।

कार्रवाई के तहत करीब 1 करोड़ रुपए का प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला बरामद किया गया तथा 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 5,600 किलोग्राम से अधिक असुरक्षित डेयरी उत्पाद, बेकरी आइटम और खाद्य तेल जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 8.2 लाख रुपए आंकी गई है। एफडीए ने 65 होटल और रेस्तरां का निरीक्षण किया, जिनमें से 50 को चेतावनी नोटिस जारी किए गए, जबकि 8 प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

इस कार्रवाई के दौरान मुंबई के बांद्रा पश्चिम स्थित प्रतिष्ठित ओटर्स क्लब का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। 17 अगस्त को किए गए निरीक्षण में पाया गया कि क्लब में ग्राहकों को कृत्रिम या विकल्प पनीर (एनालॉग पनीर) से बने व्यंजन असली पनीर के नाम पर परोसे जा रहे थे।

जांच में रसोईघर की खराब साफ-सफाई, गंदे फर्श, टूटी टाइलें, जाम नालियां और खराब रेफ्रिजरेशन व्यवस्था जैसी कई गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं। साथ ही खाने में इस्तेमाल होने वाले तेल की गुणवत्ता की निगरानी नहीं की जा रही थी और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से संरक्षित नहीं किया जा रहा था।

एफडीए की जांच में दहिसर पूर्व स्थित डेली फ्रेश बेकर्स एंड केक्स में भी गंभीर खामियां सामने आईं। यहां केक बनाने का काम साफ कार्यस्थल के बजाय फर्श पर किया जा रहा था। किचन में तिलचट्टे, मक्खियां और चींटियां पाई गईं, जबकि केक बनाने में एक्सपायर्ड फूड कलर का इस्तेमाल हो रहा था।

कर्मचारियों के पास आवश्यक स्वास्थ्य और प्रशिक्षण संबंधी प्रमाणपत्र नहीं थे और वे बिना दस्ताने तथा एप्रन के काम कर रहे थे। इसके अलावा उपकरण, ओवन, बेकिंग ट्रे और रसोई क्षेत्र अत्यंत गंदे पाए गए। एफडीए ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, खार पश्चिम स्थित प्रिंस ऑफ वेल्स रेस्तरां का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया गया। निरीक्षण में भोजन के तापमान नियंत्रण की अपर्याप्त व्यवस्था, खाद्य सामग्री के खराब भंडारण, अस्वच्छ बर्तनों के उपयोग, दीवारों और छतों की खराब स्थिति, कचरा निस्तारण प्रणाली की कमी तथा एफएसएसएआई लाइसेंस को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं किए जाने जैसी कई खामियां पाई गईं। एफडीए ने पाया कि भोजन तैयार करने से पहले और बाद में उपकरणों की उचित सफाई भी नहीं की जा रही थी।

इसी तरह विले पार्ले पूर्व स्थित राज ऑयल ट्रेडिंग का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। जांच में सामने आया कि खाद्य पदार्थों, रसायनों और अन्य खतरनाक वस्तुओं को अलग-अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी। परिसर में गंदगी, खराब रखरखाव, एक्सपायर्ड सामग्री के अनुचित निस्तारण और खाद्य एवं गैर-खाद्य वस्तुओं के मिश्रित भंडारण जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। गोदाम में चूहों के उपद्रव के संकेत मिले, जिनमें तेल के पैकेटों पर कुतरने के निशान और दुर्गंध शामिल थी। साथ ही खाद्य भंडारण के लिए आवश्यक तापमान और नमी नियंत्रण मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।

एफडीए अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान खाद्य सुरक्षा नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए चलाया गया। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में भी ऐसे निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों को सुनिश्चित किया जा सके।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags