महाराष्ट्र: ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर बुजुर्ग से पांच लाख रुपए की ठगी
पुणे, 21 नवंबर (आईएएनएस)। पुणे के औंध इलाके में रहने वाले 66 वर्षीय बुजुर्ग को मुंबई एटीएस का पुलिस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने पांच लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग पर पाकिस्तानी आतंकियों की मदद करने और इसके लिए 500 करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्हें डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर बैंक खाते में पांच लाख रुपए जमा करा लिए।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता जयदेव सिताराम भालशंकर (66) को 31 अक्टूबर को आरोपियों ने फोन कर खुद को मुंबई एटीएस का पुलिस इंस्पेक्टर बताया। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने पाकिस्तानी आतंकियों की मदद की है और इसके लिए 500 करोड़ रुपए लिए हैं। इस मामले में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज होने का दावा भी किया गया।
इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को व्हाट्सऐप वीडियो कॉल किया और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पूछताछ शुरू की। उन्हें धमकाया गया कि जांच और पूछताछ के बारे में किसी को कुछ न बताएं। आरोपियों ने उनके बैंक खाते की जानकारी हासिल की और बैंक ऑफ इंडिया के खाते में पांच लाख रुपए जमा कराने के लिए मजबूर किया।
ठगी का एहसास होने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया। इस मामले में चतुःशृंगी पुलिस स्टेशन में 20 नवंबर को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
--आईएनएस
एमएस/

