महाराष्ट्र के दौंड शहर में स्कूलों के निकट तंबाकू उत्पाद बेचने वाली दुकानों पर छापेमारी, चार पर केस
दौंड, 14 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के दौंड शहर में शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के प्रतिबंधित क्षेत्र में तंबाकू पदार्थों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तंबाकू उत्पाद जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को भीमनगर क्षेत्र स्थित गॅरेला स्कूल के सामने जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूल के 100 गज के प्रतिबंधित दायरे में संचालित तीन किराना दुकानों में तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री पाई गई। पुलिस ने दुकानों से गायछाप तंबाकू की 50 पुड़ियां समेत अन्य सामग्री जब्त की, जिसकी कीमत करीब 750 रुपए बताई गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई दौंड-पाटस रोड पर स्थित पोतदार स्कूल के सामने की गई। यहां ‘चेयरमैन टी सेंटर’ नामक पान दुकान पर छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की सिगरेट, गायछाप और पंढरपुरी तंबाकू तथा बीड़ी के पैकेट बरामद किए गए। जब्त सामग्री का मूल्य 2,537 रुपए आंका गया है।
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 3,287 रुपए मूल्य के तंबाकू वाले पदार्थ जब्त किए हैं। मामले में चार दुकानदारों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए), 2003 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शैक्षणिक संस्थानों के निकट तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
महाराष्ट्र में त्योहारों के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों, मिलावट की आशंका वाले उत्पादों और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाया था। इस कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों और तीन वाहनों सहित कुल 1.73 करोड़ रुपए की जब्ती की गई है। इस मामले में 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

