Samachar Nama
×

महाराष्ट्र: चंद्रपुर में पति ने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी से किया दुष्कर्म

महाराष्ट्र: चंद्रपुर में पति ने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी से किया दुष्कर्म
महाराष्ट्र: चंद्रपुर में पति ने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी से किया दुष्कर्म

चंद्रपुर, 30 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक पति ने शादी के सिर्फ 20 दिन बाद अपनी ही पत्नी के साथ दरिंदगी की। आरोप है कि चरित्र पर शक होने के चलते पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला चंद्रपुर के दुर्गापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 26 साल के आरोपी हसन उर्फ अल्ताफ सलीम शेख ने 6 अगस्त को अंतर-धर्मीय रजिस्टर मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों परिवार सामाजिक रीति-रिवाज से शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस दौरान युवती अपनी मां के साथ ही रह रही थी।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति उसके चरित्र पर शक करता था। फोन व्यस्त आने और अनजान नंबरों से कॉल आने को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। 25 अगस्त को भी फोन व्यस्त मिलने पर आरोपी हसन उसकी मां के घर पहुंच गया। वहां पत्नी को फोन पर बात करते देख उसने उसका मोबाइल छीन लिया और बात करने वाले शख्स से पूछताछ की और गुस्से में वहां से चला गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद जब पीड़िता घर के पास सिलाई प्रशिक्षण केंद्र पर गई, तो हसन अपने 19 साल के दोस्त कुणाल बोरकर के साथ बाइक से वहां पहुंचा। वह बहाने से उसे वेकोली की शक्तिनगर कॉलोनी स्थित श्मशानभूमि में ले गया।

शिकायत के अनुसार, सुनसान जगह पर पति ने पहले खुद पत्नी के साथ जबरदस्ती की और फिर अपने दोस्त से भी दुष्कर्म करवाया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर दुर्गापुर थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए दोनों आरोपियों (पति हसन और उसके दोस्त कुणाल) को गिरफ्तार कर लिया।

दुर्गापुर थाने के इंस्पेक्टर संतोष शेगावकर ने बताया, "एक महिला ने हमारे यहां शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति और पति के दोस्त ने उनके साथ सेक्सुअल असॉल्ट किया है। इसके बाद हमने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को अरेस्ट करके पीसीआर पर ले आए और अब आगे की जांच जारी है।"

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1) गैंगरेप के तहत केस दर्ज किया है। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीएससी

Share this story

Tags