Samachar Nama
×

महाराष्ट्र: बीड में आवारा कुत्तों ने 3 साल की मासूम पर किया हमला, चेहरे पर लगे 12 टांके

महाराष्ट्र: बीड में आवारा कुत्तों ने 3 साल की मासूम पर किया हमला, चेहरे पर लगे 12 टांके
महाराष्ट्र: बीड में आवारा कुत्तों ने 3 साल की मासूम पर किया हमला, चेहरे पर लगे 12 टांके

बीड, 23 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के बीड शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में बीड के धांडे नगर इलाके के शिवतेज नगर में घर के सामने खेल रही महज 3 साल की मासूम बच्ची पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया।

घायल बच्ची का नाम शिवांशी रामेश्वर घोलप बताया जा रहा है। कुत्ते के हमले में उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और चेहरे पर 12 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल शिवांशी का नगर नाका इलाके के जनाई हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। बच्चों को घर से बाहर खेलने भेजते समय भी माता-पिता को अब आवारा कुत्तों के हमले का डर सता रहा है।

पिछले सप्ताह बीड शहर के मोमीनपुरा पेठ इलाके में भी आवारा कुत्तों के आतंक की जानकारी सामने आई थी। कई नागरिकों को कुत्तों के हमले का सामना करना पड़ा है।

इसके अलावा, पिछले महीने भी धानोर रोड इलाके में घर के दरवाजे पर खड़ी एक मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला किया था। कुत्ते बच्ची को घर के दरवाजे से घसीटकर सड़क तक ले गए थे। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नागरिकों में काफी आक्रोश देखने को मिला था।

वहीं, एक बार फिर धांडे नगर में मासूम बच्ची पर कुत्ते के हमले की घटना सामने आने से नगरपालिका प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच नागरिक सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर नगरपालिका प्रशासन आवारा कुत्तों के बंदोबस्त के लिए क्या कदम उठा रहा है?

नागरिकों की मांग है कि आवारा कुत्तों का तत्काल बंदोबस्त किया जाए और खासकर छोटे बच्चों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags