महाराष्ट्र और गुजरात दिवस की राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को गुजरात और महाराष्ट्र दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा कि महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को शुभकामनाएं। छत्रपति शिवाजी महाराज की यह पवित्र भूमि हमें राष्ट्र-भक्ति, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणा देती है। महाराष्ट्र से महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, गोपालकृष्ण गोखले और डॉ. बाबासाहब आंबेडकर जैसी महान विभूतियों ने समाज और राष्ट्र को नई दिशा दी है। महाराष्ट्र के परिश्रमी और संकल्पबद्ध लोग देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मेरी कामना है कि महाराष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे और राज्य के सभी निवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि का संचार होता रहे।
उन्होंने गुजरात दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि गुजरात राज्य के स्थापना दिवस पर सभी देशवासियों, विशेषकर विश्वभर में बसे गुजराती भाई-बहनों को शुभकामनाएं। स्वामी दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल की यह पावन जन्मस्थली सामाजिक उत्थान, देश प्रेम और राष्ट्र निर्माण के अनेक प्रेरक आदर्श प्रस्तुत करती है। गुजरात के उद्यमी और प्रगतिशील लोगों ने अपने परिश्रम और प्रतिभा से विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया है। मुझे विश्वास है कि गुजरात के निवासी विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ते रहेंगे और प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
उपराष्ट्रपति उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर एक्स लिखा कि मैं महाराष्ट्र के लोगों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। यह राज्य समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सुधार और गतिशील प्रगति का प्रतीक है। उद्योग, कला, शिक्षा और लोक सेवा के क्षेत्रों में भारत के विकास में इसके योगदान को अत्यंत महत्व दिया जाता है। कामना है कि महाराष्ट्र पूरी शक्ति और उत्साह के साथ निरंतर आगे बढ़ता रहे, और राष्ट्र के सतत विकास में अपना योगदान देता रहे।
गुजरात स्थापना दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति ने लिखा कि गुजरात के लोगों को शुभकामनाएं। अपनी उद्यमशीलता और नवाचार की भावना के लिए विख्यात, इस राज्य ने भारत की आर्थिक शक्ति और सांस्कृतिक समृद्धि को आकार देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसकी दृढ़ता और प्रगतिशील दृष्टिकोण की विरासत हमें निरंतर प्रेरित करती रहती है। कामना है कि गुजरात समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुए और राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान और बढ़ाए।
गुजरात दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने एक्स पोस्ट में लिखा कि गुजरात के स्थापना दिवस पर राज्य के सभी वासियों को शुभकामनाएं। गुजरात ने सदैव राष्ट्र की अर्थव्यवस्था, उद्यमिता और विकास को नई दिशा दी है, साथ ही यह प्रदेश राजनीतिक जागरूकता का भी प्रमुख केंद्र रहा है। महात्मा गांधी और लौहपुरुष सरदार पटेल जैसी महान विभूतियों की जन्मभूमि होने के नाते गुजरात ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज गुजरात देश में विकास के अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां उद्योग, व्यापार, कृषि और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। यह प्रदेश अपनी जीवंत संस्कृति, परिश्रमी जनता और समृद्ध परंपराओं के कारण देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। अभिलाषा है कि यह राज्य निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर रहे और यहां के सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि व खुशहाली बनी रहे।
उन्होंने महाराष्ट्र प्रदेश के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा कि समृद्ध प्रकृति, संत-परंपरा की गहरी आध्यात्मिक विरासत और प्रगतिशील विचारों की परिचायक यह भूमि भारत के विकास की अग्रिम पंक्ति में रही है। कृषि से लेकर उद्योग, वित्त और सेवा क्षेत्र तक महाराष्ट्र ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्वराज की प्रेरणा और सामाजिक जागरुकता से ओत-प्रोत इस प्रदेश ने राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य किया है। मेरी कामना है कि यह महान राज्य निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करता रहे तथा यहाँ के सभी लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि का विस्तार होता रहे।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

