Samachar Nama
×

महाराष्ट्र: अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण करने पालघर पहुंचे मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले

महाराष्ट्र: अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण करने पालघर पहुंचे मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले
महाराष्ट्र: अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण करने पालघर पहुंचे मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले

पालघर, 1 अगस्त (आईएएनएस)। पालघर जिले में हाल ही में हुई अतिवृष्टि के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों और सड़क विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए महाराष्ट्र के लोक निर्माण (सार्वजनिक उपक्रमों को छोड़कर) मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले शनिवार को पालघर पहुंचे। उन्होंने जिले के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को मरम्मत कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने मनोर - मासवण- पालघर, पालघर- सरावली- बोईसर तथा बोईसर-चिंचणी-डहाणू मार्गों का दौरा कर सड़कों की मौजूदा स्थिति, बारिश से हुए नुकसान, चल रहे विकास कार्यों और प्रस्तावित मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कर यातायात सामान्य बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक निरंजन डावखरे, विधायक विलास तरे, जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानाडे, पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता किनी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके बाद डहाणू स्थित उपविभागीय अधिकारी कार्यालय के सभागार में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सड़क विकास परियोजनाओं, लंबित कार्यों, अतिवृष्टि से हुए नुकसान, मरम्मत कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने अधिकारियों को सभी विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने, गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने कहा कि राज्य सरकार पालघर जिले की सड़क अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी आवश्यक कार्य तेजी से पूरे किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags