Samachar Nama
×

महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर बरसे जयराम रमेश, बोले- यह रसोई पर चौतरफा हमला

महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर बरसे जयराम रमेश, बोले- यह रसोई पर चौतरफा हमला
महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर बरसे जयराम रमेश, बोले- यह रसोई पर चौतरफा हमला

नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि सरकार ने आम आदमी की रसोई पर चौतरफा हमला बोल दिया है।

जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में लिखा, "ऐसा लगता है कि केंद्र सरकार ने आम आदमी की रसोई पर चौतरफा हमला बोल दिया है। रसोई का बजट पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है।"

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण आटे-दाल से लेकर तेल तक, रसोई का बजट लगातार बिगड़ रहा है और महंगाई आसमान पर है।

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि केवल कुछ मित्र पूंजीपति ही आनंद में हैं, परंतु करोड़ों परिवार बहुत पीड़ित हैं। सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने की बजाय केवल सच्चाई छिपाने में जुटी है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी की थाली महंगी होती जा रही है, लेकिन सरकार आंकड़ों की बाजीगरी से महंगाई पर काबू पाने का दावा करना चाहती है।

जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट के अंत में कहा, "प्रधानमंत्री, ये जो पब्लिक है, सब जानती है। महंगाई झेल रही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा की जनता चुनावों में आपको आटे-दाल का भाव मालूम करा देगी।"

गौरतलब है कि जयराम रमेश कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव हैं और लगातार महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते रहे हैं।

कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि सरकार महंगाई कम करने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है और आंकड़ों के जरिए हकीकत छिपाने की कोशिश कर रही है, जबकि आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ता जा रहा है।

बता दें कि इससे पहले 13 सितंबर को जयराम रमेश ने एक प्रेस नोट में भारत-चीन सीमा पर हुई झड़पों पर पीएम मोदी के 2020 के बयानों पर सवाल उठाया था और दावा किया था कि भारत ने पूर्वी लद्दाख के कुछ हिस्सों में पारंपरिक गश्त और चराई के अधिकार चीन को सौंप दिए हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story