मदुरै में 27 सितंबर को लॉन्च होगी ‘थाई मामन थंगा मोथिरम’ योजना, प्रमोशनल वीडियो जारी
मदुरै, 27 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी कल्याणकारी योजना ‘थाई मामन थंगा मोथिरम’ (मामा की सोने की अंगूठी) के लॉन्च से पहले एक प्रमोशनल विज्ञापन वीडियो जारी किया है। इस योजना का औपचारिक शुभारंभ 27 सितंबर को मदुरै में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय करेंगे।
इस योजना का उद्घाटन मदुरै के प्रसिद्ध सरकारी राजाजी अस्पताल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मदुरै दौरे के दौरान ही इस पहल को आधिकारिक तौर पर शुरू किया जाएगा, जिसके साथ ही राज्यभर में इसके क्रियान्वयन की शुरुआत हो जाएगी।
मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक एक दिन पहले सरकार के जनसंपर्क विभाग (पीआरओ) ने इस योजना के उद्देश्यों और महत्व को दर्शाने वाला एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में योजना के सामाजिक महत्व और इससे होने वाले लाभों को विस्तार से बताया गया है।
बता दें कि ‘थाई मामन थंगा मोथिरम’ योजना तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) की उन प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिनका वादा पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किया था। टीवीके सरकार बनने के बाद इसे सबसे पहले लागू करने जा रही है। माना जा रहा है कि मदुरै से इसकी शुरुआत के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे तमिलनाडु में लागू किया जाएगा।
हालांकि, सरकार ने अभी तक योजना की पूरी रूपरेखा और पात्रता को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है लेकिन नाम से स्पष्ट है कि यह योजना परिवार और सामाजिक रिश्तों से जुड़ी किसी आर्थिक सहायता या उपहार से संबंधित है। इसका उद्देश्य आम लोगों को सहयोग देना है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री अपने मदुरै दौरे के दौरान एक और महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे करीब 10.25 करोड़ रुपए की लागत से रेनोवेट की गई गांधी मेमोरियल म्यूजियम की नई इमारत का भी उद्घाटन करेंगे। म्यूजियम के नवीनीकरण के बाद इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मदुरै में तैयारियां जोरों पर हैं। सरकारी राजाजी अस्पताल परिसर को सजाया जा रहा है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं ताकि लॉन्च कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम

