मैड्रिड ओपन 2026: फैंस को झटका, चोट के कारण टूर्नामेंट से हटीं अनिसिमोवा और अलेक्जेंड्रोवा
मैड्रिड, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। वर्ल्ड नंबर-6 अमांडा अनिसिमोवा और वर्ल्ड नंबर-14 एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा चोट के कारण मुतुआ मैड्रिड ओपन 2026 से हट गई हैं। दो बार की मेजर फाइनलिस्ट अनिसिमोवा कलाई की चोट से पीड़ित हैं, जबकि अलेक्जेंड्रोवा की पीठ के निचले हिस्से में चोट है।
अलेक्जेंड्रोवा की जगह ड्रॉ में मारिया सक्कारी को नंबर 33 वरीयता दी गई। वहीं, महिलाओं के सिंगल्स ड्रॉ के निचले हिस्से में क्वार्टरफाइनल से पहले मजबूत दावेदार मानी जा रही अनिसिमोवा की जगह मैग्डालेना फ्रेच को नंबर 34 सीड बनाया गया। दोनों खिलाड़ियों को पहले दौर में बाई मिली है।
सक्कारी और फ्रेच के मूल पहले दौर के प्रतिद्वंद्वी जेनिस जेन और कैटरीना सिनियाकोवा अब अंतिम क्वालिफाइंग दौर के बाद तय होने वाले क्वालीफायर या 'लकी लूजर' खिलाड़ियों से मुकाबला करेंगी, जिनका चयन अंतिम क्वालीफाइंग दौर के समापन पर ड्रॉ के जरिए किया जाएगा।
अनिसिमोवा ने मियामी में बेलिंडा बेनसिक से चौथे दौर में हारने के बाद से कोई मुकाबला नहीं खेला है। इसके बाद एक अज्ञात चोट के कारण वह चार्ल्सटन टूर्नामेंट से भी हट गई थीं।
अलेक्जेंड्रोवा भी पीठ के निचले हिस्से में चोट के कारण चार्ल्सटन से हट गई थीं। वह दो सप्ताह पहले ही कोर्ट पर लौटी थीं, लेकिन लिंज में अपने पहले ही मुकाबले में कैरोलिना प्लिस्कोवा से हार गईं, और स्टटगार्ट में दूसरे दौर में लिंडा नोस्कोवा से हारकर बाहर हो गईं।
मुख्य ड्रॉ घोषित होने से पहले मैड्रिड से हटने वाली अन्य खिलाड़ियों में ग्रेट ब्रिटेन की सोनाय कार्टल शामिल हैं, जो पीठ की चोट के कारण पूरे क्ले-कोर्ट सीजन में नहीं खेल पाएंगी। फ्रांस की वारवारा ग्राचेवा मार्च के अंत में अभ्यास के दौरान एसीएल में चोट लगने के कारण पूरे क्ले-कोर्ट सीजन से बाहर हो गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की माया जॉइंट पीठ की चोट के कारण नहीं खेल पाएंगी। एम्मा नवारो लगातार बीमारी के कारण बाहर हैं। एम्मा राडुकानु और मार्केटा वोंद्रोसोवा भी इस सूची में शामिल हैं।
कुल 96 महिला खिलाड़ियों को अब 'काजा मैजिका' में खिताब तक पहुंचने का रास्ता पता चल गया है। सीजन के सबसे कठिन टूर्नामेंट्स में शामिल इस प्रतियोगिता के अंतिम दौर के मुकाबले भव्य मनोलो सैन्टाना स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां मैड्रिड में दुनिया की बेहतरीन डब्ल्यूटीए खिलाड़ी उतरने को तैयार हैं।
डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका का लक्ष्य काजा मैजिका में चौथा खिताब जीतने वाली पहली महिला बनना है। ऐसा होने पर वह इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल डब्ल्यूटीए खिलाड़ी बन जाएंगी।
--आईएएनएस
आरएसजी

