Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश: शहडोल में किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ, शव बरामद

मध्य प्रदेश: शहडोल में किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ, शव बरामद
मध्य प्रदेश: शहडोल में किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ, शव बरामद

भोपाल, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है, यहां घर में सो रही किशोरी को तेंदुआ उठा ले गया। बाद में उसे किशोरी का शव लहूलुहान मिला है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना ब्योहारी थाना क्षेत्र के तगावर गांव के विजाहरा टोला की है। मृतक की पहचान सरस्वती गोंड के तौर पर हुई है। मकान के बरामदे में वह अपनी बहन के साथ सो रही थी। इसी दौरान एक तेंदुआ आया और उसे उठाकर ले गया। परिवार के सदस्यों की जब नींद खुली तो उन्हें सरस्वती नजर नहीं आई। उसका कंबल कुछ दूरी पर पड़ा हुआ था और उसकी तलाश शुरू की गई तो 300 मीटर दूर झाड़ियां में उसका शव मिला।

सरस्वती के पिता बाहर मजदूरी करते हैं। गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम के साथ-साथ ग्रामीण भी तेंदुए की तलाश में जुटे हुए हैं। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को इस बात की चिंता है कि कहीं तेंदुआ आबादी वाले इलाके में दोबारा हमला न कर दे।

वन अधिकारी का कहना है कि घर में दरवाजा न होना इस घटना की सबसे बड़ी वजह बन गया। इसी वजह से तेंदुआ अंदर घुसा और किशोरी को उठाकर ले गया। वन विभाग ने किशोरी की तेंदुए के हमले से मौत होने की पुष्टि की है। साथ ही ग्रामीणों को हिदायत दी है कि वह सतर्क रहें। इस घटना के बाद सिर्फ तगावर गांव ही नहीं आसपास के इलाके में भी डर का माहौल है, क्योंकि वन्य प्राणी यहां कभी कभार नजर आ जाते हैं।

इस घटना ने तो लोगों की चिंता बढ़ती है। ऐसा इसलिए क्योंकि ग्रामीण इलाकों में रहने वाले अधिकांश आदिवासियों की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और वह कच्चे मकान में रहते हैं। कई मकानों में तो दरवाजे भी नहीं हैं। दरअसल, यह वह इलाका है जहां जंगल बड़ी तादाद में है और वन प्राणियों की मौजूदगी बड़ी संख्या में रहती है, और यही कारण है कि इस तरह के हादसों की आशंका रहती है और ग्रामीणों में डर बना रहता है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags