Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश सड़क परिवहन निगम की बस सेवाएं 21 साल बाद होंगी शुरू: सीएम मोहन यादव

मध्य प्रदेश सड़क परिवहन निगम की बस सेवाएं 21 साल बाद होंगी शुरू: सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश सड़क परिवहन निगम की बस सेवाएं 21 साल बाद होंगी शुरू: सीएम मोहन यादव

देवास, 24 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को नई दिशा भी मिल रही है। उन्होंने देवास के पुंजापुरा में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों के खातों में 212.57 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।

मुख्यमंत्री यादव ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गुजरात भी बदला और देश भी। गुजरात से मुख्यमंत्री के रूप में तीन बार प्रदेश का नेतृत्व करने वाले नरेंद्र मोदी आज तीन बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारत को नई दिशा दे रहे हैं। यह वास्तव में एक अनूठा समय है। हमने राम राज्य की कल्पना साहित्य में पढ़ी और सुनी है। आज प्रधानमंत्री ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर राम राज्य की भावना को साकार करने का कार्य किया है। गरीब से गरीब व्यक्ति के पक्के मकान, उसके घर का चूल्हा, रोजगार और बच्चों की शिक्षा की चिंता करते हुए सरकार निरंतर जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

राज्य सरकार की नीतियों की चर्चा करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन को आदर्श मानकर निरंतर सेवा के कार्य में जुटी हुई है। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर 21 वर्ष पहले बंद हुई मध्य प्रदेश सड़क परिवहन निगम की बस सेवाएं पुनः प्रारंभ होने जा रही हैं। मध्य प्रदेश में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हो चुका है और गांव-गांव तक सड़क एवं हाई-वे कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश के मध्य में स्थित है और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के साथ आवागमन की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए सड़क परिवहन निगम की बसें तीन स्तरों पर संचालित की जाएंगी। नगरीय क्षेत्रों में प्रदेश के भीतर विभिन्न मार्गों पर तथा अंतरराज्यीय मार्गों पर। इससे प्रदेश के यात्रियों को आवागमन की बेहतर और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध होगी।

राज्य में युवाओं को नौकरी के मिल रहे अवसर की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पुलिस इंस्पेक्टर से लेकर जवान तक 18,000 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके साथ ही सरकार द्वारा कुल 85,000 नए पदों पर भर्ती का कार्य किया जा रहा है। एमएसएमई के माध्यम से प्रदेश के 1 करोड़ 20 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर देश के राज्यों में सबसे कम है, यह हमारे लिए गर्व की बात है।

--आईएएनएस

एसएनपी/एसके/वीसी

Share this story