भारत व कोरिया तटरक्षक बल के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय तटरक्षक बल और दक्षिण कोरियाई तटरक्षक बल के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दोनों पक्षों ने समुद्र में खोज एवं बचाव अभियान, समुद्री प्रदूषण से निपटने के मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही समुद्री कानूनों को लागू करने और सूचनाओं के आदान-प्रदान सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। यह दोनों देशों के बीच 14वीं उच्चस्तरीय बैठक थी, जो दक्षिण कोरिया के इंचियोन में हुई।
बैठक में समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और दोनों देशों के तटरक्षक बलों के बीच तालमेल बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। गौरतलब है कि भारतीय तटरक्षक बल का एक प्रतिनिधिमंडल 13 अक्टूबर से दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल की यह यात्रा 16 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इसका नेतृत्व तटरक्षक बल के महानिरीक्षक टी. शशि कुमार ने कर रहे हैं। उन्होंने बैठक की भी अध्यक्षता की। वहीं, कोरिया तटरक्षक बल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वरिष्ठ अधीक्षक जनरल इम म्योंग गिल ने किया।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने मौजूदा ऑपरेशनल व्यवस्थाओं की समीक्षा की और भविष्य में सहयोग बढ़ाने की कार्ययोजना पर विचार किया। इसमें समुद्र में संकट के समय खोज एवं बचाव अभियान चलाने, समुद्री प्रदूषण की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने और समुद्री कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषय शामिल रहे। इसके साथ ही, दोनों तटरक्षक बलों की क्षमता बढ़ाने और उनके बीच परिचालन समन्वय को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई।
दोनों देशों ने पहले से हुए समझौता ज्ञापन के तहत सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके लिए पेशेवर अनुभव साझा करने, संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास आयोजित करने, एक-दूसरे के जहाजों की द्विपक्षीय यात्राएं बढ़ाने और वास्तविक समय में सूचनाओं का आदान-प्रदान मजबूत करने पर सहमति जताई गई। बैठक में दोनों तटरक्षक बलों ने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और समुद्री पर्यावरण को सुरक्षित बनाए रखने के साझा संकल्प को दोहराया।
इस उच्चस्तरीय बैठक का उद्देश्य दोनों एजेंसियों के बीच परिचालन तालमेल को गहरा करना और समुद्री चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी सहयोग का विस्तार करना रहा। वहीं रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने एथेंस में ग्रीस के समुद्री मामलों एवं द्वीपीय नीति के उप मंत्री स्टेफानोस ग्किकास से मुलाकात की है।
दोनों पक्षों ने यहां समुद्री सुरक्षा और जहाज निर्माण क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत को आगे बढ़ाया। दोनों पक्षों ने भारत-ग्रीस तटीय सुरक्षा तथा जहाज निर्माण क्षेत्र में पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए संस्थागत ढांचे पर चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों की एक-दूसरे की पूरक क्षमताओं को ध्यान में रखा गया।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी

