मध्य प्रदेश में हर साल एक लाख नौकरियां मिलेंगी: सीएम मोहन यादव
भोपाल, 11 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य में हर साल 1 लाख नई नौकरियां दी जाएंगी। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार देने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में हमने 85 हजार से अधिक शासकीय सेवाओं में नौकरी दी गई है, हर वर्ष हम लगभग एक लाख नई नौकरियां प्रदान करेंगे। वहीं, लगभग ढाई लाख पदों पर पदोन्नतियां होंगी, इनमें से लगभग एक लाख पदों पर पदोन्नतियां हुई हैं।
राज्य में बढ़ते निवेश की चर्चा करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश दुनियाभर से सबसे तेज निवेश लाने की दिशा में देश का अग्रणी राज्य बना है। पिछले वर्ष भोपाल में सफल जीआईएस समिट के बाद अगले वर्ष पुनः भोपाल में समिट आयोजित होगी। राज्य की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के कार्यकाल में एक भी एयरपोर्ट नहीं शुरू हुआ। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश में 5 से बढ़कर 8 एयरपोर्ट हो गए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर व्यापार को बाधित करने के प्रयासों के बावजूद भारत ने अपने हितों को सर्वोपरि रखते हुए मजबूती से कदम बढ़ाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक प्रभाव लगातार बढ़ा है। जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब अमेरिका ने उन्हें वीजा देने से इनकार किया था। आज वही भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का उनका विजन इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उस समय रिफाइनरी को लेकर भी सवाल उठाए गए थे, लेकिन आज वही दूरदर्शिता देश के हित में साबित हो रही है।
सीएम मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर की चर्चा करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से 22 मई 2014 तक नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में विकास और सुशासन की ऐसी नींव रखी, जिसने गुजरात की तस्वीर और तकदीर बदल दी। आज उसी जनविश्वास के बल पर गुजरात में भाजपा सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली पार्टी बनी है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात से शुरू हुई विकास की यह यात्रा आज पूरे देश को दिशा दे रही है। उनके नेतृत्व में भाजपा ने न केवल जनसेवा का नया अध्याय लिखा, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में अपनी पहचान बनाई।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास की नई गति हासिल की है। अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ो अभियान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए केन-बेतवा और कालीसिंध-चंबल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की सौगात मध्य प्रदेश को मिली है। कोविड काल में भी प्रधानमंत्री ने 'जियो और जीने दो' के सिद्धांत पर चलते हुए 40 से अधिक देशों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा की। वैश्विक स्तर पर भारत को मिले 35 से अधिक सम्मान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के बढ़ते प्रभाव और प्रतिष्ठा का प्रमाण हैं।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी

