Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी में गड़बड़ी पर अफसरों पर भी हो कार्रवाई : जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी में गड़बड़ी पर अफसरों पर भी हो कार्रवाई : जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी में गड़बड़ी पर अफसरों पर भी हो कार्रवाई : जीतू पटवारी

भोपाल 26 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर हुई गेहूं की खरीदी में कई स्थानों पर गड़बड़ियां सामने आई जिस पर निचले स्तर के कर्मचारी पटवारी पर कार्रवाई भी हुई है।इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सवाल उठाया है और कहा है कि कारवाई तो बड़े अफसर पर होना चाहिए । राज्य में विभिन्न जिलों के पटवारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि गेहूं समर्थन मूल्य घोटाले में सवाल सिर्फ पटवारियों पर कार्रवाई का नहीं, बल्कि भाजपा की जवाबदेही का है।

जीतू पटवारी ने कहा कि अगर फर्जी किसान बने, दूसरे राज्यों का गेहूं खरीदा गया, करोड़ों रुपये का भुगतान हुआ और इतनी बड़ी व्यवस्था महीनों तक चलती रही, तो क्या इसकी जिम्मेदारी सिर्फ पटवारियों की है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और जांच न होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार बताए कि कृषि विभाग, मंडी व्यवस्था व शीर्ष स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों और भाजपा नेतृत्व की भूमिका की जांच क्यों नहीं हो रही है।अगर घोटाला इतना बड़ा है, तो केवल निचले स्तर पर कार्रवाई करके असली जिम्मेदारों को बचाने की कोशिश क्यों दिखाई दे रही है।

जीतू पटवारी ने जनता की ओर से सवाल किया है कि क्या कृषि मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेंगे, क्या पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर राजनीतिक संरक्षण की भी जांच होगी, यदि नहीं, तो यह कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाकर बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास मानी जाएगी। राज्य में भाजपा की मोहन यादव सरकार भ्रष्टाचार के मामले में लगातार जीरो टॉलरेंस की बात कर रही है। इसी पर तंज करते हुए पटवारी ने कहा, भ्रष्टाचार के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" का दावा करने वाली भाजपा सरकार को जवाब देना चाहिए कि करोड़ों रुपये के इस कथित घोटाले की जवाबदेही आखिर किसकी है।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम

Share this story

Tags