Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के बीच सीएम मोहन यादव ने कलेक्टरों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश

मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के बीच सीएम मोहन यादव ने कलेक्टरों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश
मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के बीच सीएम मोहन यादव ने कलेक्टरों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश

भोपाल 4 सितंबर (आईएएनएस) । मध्य प्रदेश में आगामी दिनों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। इस दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रहे और आम लोगों को परेशानी न हो इसके लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभी कलेक्टरों को हाई अलर्ट पर रहने की निर्देश जारी किए हैं । वहीं पिछले दिनों हुई बारिश से मुश्किल में आए लोगों की मदद के लिए सरकार के साथ सामाजिक संगठन भी मैदान में मोर्चा संभाले हुए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भारी बारिश की संभावनाओं के मद्देनजर सभी संबंधित एवं प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संभावित परिस्थितियों को देखते हुए अग्रिम तैयारियां करने तथा आवश्यक संसाधनों को पहले से जुटाकर तैनात रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री यादव ने विशेष रूप से शुक्रवार की शाम भारी बारिश की चेतावनी तथा शनिवार दोपहर उत्तरी मध्यप्रदेश में भारी बारिश के अलर्ट को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन को पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और आवश्यकता अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। राज्य के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सतना जिले में हालात का जायजा लेने मुख्यमंत्री मोहन यादव भी पहुंचे थे। यहां सामाजिक संगठन प्रभावित परिवारों की मदद में जुटे हुए हैं।

मधुरिमा सेवा संस्कार फाउंडेशन की टीम कई गांव में पहुंच कर राशन का वितरण कर रही है वहीं आश्रय स्थल बनाकर भोजनशाला शुरू की है । संस्था की प्रमुख डॉ स्वप्ना वर्मा का कहना है कि मुसीबत के समय मदद करना हमारा धर्म है और यह किसी पूजा से भी कम नहीं है।

राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर प्रशासन प्रभावितों की मदद में लगा है और हम सभी की भी यह जिम्मेदारी है कि विपत्ति के समय क्षमता के अनुसार प्रभावितों की मदद की जाए। दरअसल पिछले दिनों सतना जिले के चित्रकूट में कई बस्तियों में पानी भर गया था और रेस्क्यू के लिए हेलीकॉप्टर तक का उपयोग करना पड़ा। अभी भी गांव तक पहुंचाने के रास्तों की हालत खराब है और क्षतिग्रस्त मकानों को सुधारा नहीं जा सका है।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम

Share this story

Tags