मध्य प्रदेश में 1.21 लाख मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए मिली राशि, स्टूडेंट्स का सपना होगा पूरा
भोपाल, 1 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लैपटॉप इंसेंटिव स्कीम के तहत मंगलवार को 1.21 लाख मेधावी स्टूडेंट्स को 304 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। 75 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले छात्रों को 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। छात्रों ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इससे उनकी आगे की पढ़ाई, ऑनलाइन लर्निंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी मदद मिलेगी।
एक छात्रा ने कहा, "12वीं क्लास में मेरे भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान में 98 फीसदी अंक थे। मैं सरकार की बहुत आभारी हूं। मैं आज जिस जगह पहुंची हूं, उसमें मेरे अभिभावक, शिक्षक और भगवान का पूरा साथ था। इससे हमें बहुत फायदा हो रहा है। कॉलेज की फीस मेधावी स्कीम के तहत हमारे लिए कम हो जाती है। पढ़ाई करने के लिए लैपटॉप की जरूरत पड़ती है। मुझे आगे डॉक्टर बनना है।"
श्लोक प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजन किया गया, जिसमें 75 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले छात्रों के वन क्लिक से 25 हजार रुपए की राशि अकाउंट में ट्रांसफर की गई। कुछ मेधावी छात्रों को स्टेज पर भी बुलाया गया। मैं गणित समूह (भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित) से हूं और आगे चलकर कंप्यूटर साइंस इंजीनियर बनना चाहता हूं। मैंने जेईई मेंस भी क्लियर किया है।
तुलसी राजावत ने कहा, "मेरे कृषि संकाय में 98 फीसदी अंक आए थे। मुझे कृषि संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। मुझे 25 हजार वाली योजना का पूरा लाभ मिला है, जिसकी वजह से मुझे बहुत सहायता मिली है। इसके अलावा, मुझे आगे की पढ़ाई करने के लिए लैपटॉप मिला है। इसके लिए मैं सीएम मोहन यादव का आभार व्यक्त करती हूं। सरकारी स्कूल की व्यवस्थाएं बहुत अच्छी है। वो ना सिर्फ हमें किताब देते हैं, बल्कि सबसे बेहतरीन शिक्षक भी उपलब्ध हैं। वो हमारी हर समस्या का समाधान निकालते हैं। सरकारी स्कीम की वजह से हमारी कॉलेज फीस में फायदा हो रहा है। जो सामान्य परिवार से आते हैं, उनके लिए ये काफी मददगार है। भविष्य में मुझे कृषि वैज्ञानिक बनना है और किसानों की हर तरह से मदद करनी है।"
कीर्ति पालीवाल ने कहा कि ये मेरा सबसे पहला अनुभव था कि मैं मुख्यमंत्री से मिली हूं। यह मेरे लिए बहुत खास पल था, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। आज के समय में लैपटॉप बहुत ज्यादा जरूरी है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। ये सारी चीजें जो सरकार कर रही है, वो छात्रों के लिए बहुत ज्यादा मददगार है।
कार्तिक शर्मा ने कहा कि इससे मेरी आगे की पढ़ाई में बहुत ज्यादा मदद होने वाली है। ऑनलाइन लर्निंग में ये बड़ी भूमिका निभाएगा। 25 हजार से हम काफी अच्छे-अच्छे कोर्स ले सकते हैं। एक अच्छे लैपटॉप की मदद से हम सीख सकते हैं। मैं नीट-यूजी की तैयारी करने वाला हूं। इसके लिए मैं एक अच्छा डिवाइस लूंगा और उसकी सहायता से मैं अपनी परीक्षा की तैयारी करूंगा।
हिमांशी पाठक ने कहा कि लैपटॉप आज के समय में बहुत जरूरी हो चुका है। लैपटॉप नहीं है तो आप तकनीकी काम नहीं कर पाएंगे। सरकार ने बहुत अच्छा किया है। मुख्यमंत्री से मिलना मेरा सपना था। मुझे ऐसा लग रहा है कि मैंने कुछ ऐसा किया है, जिसकी वजह से आज मैं यहां हूं। मुझे ये सीखने को मिला है कि आप कितने भी बड़े बन जाओ, लेकिन विनम्र रहो।
--आईएएनएस
केके/एबीएम

