मध्य प्रदेश में किसानों को सस्ती दर पर मिलेगी बिजली: सीएम मोहन यादव
भोपाल, 25 मार्च (आईएएनएस) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने जन्मदिन के मौके पर किसानों को बड़ी सौगात देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों को सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के तहत मात्र 2 रुपए 40 पैसे से 2 रुपए 85 पैसे प्रति यूनिट की किफायती दर पर बिजली उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री निवास आयोजित में सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के अंतर्गत विद्युत क्रय अनुबंध वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा है कि सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के अंतर्गत किसानों के हित में किए जा रहे अनुबंध राज्य के लिए अमूल्य उपहार हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना में चार हजार मेगावॉट की विशाल क्षमता वाली इकाईयां स्थापित की जाएंगी। जिसका सबसे बड़ा लाभ प्रदेश के किसानों को मिलेगा। इससे लगभग 8 लाख पम्प सीधे सूर्य की शक्ति अर्थात् सौर ऊर्जा से संचालित होंगे।
सीएम ने कहा कि आज से सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के अनुबंधों के वितरण की प्रक्रिया आरंभ हो रही है। यह दिन प्रदेश की कृषि और ऊर्जा नीति के समन्वय का ऐतिहासिक पड़ाव सिद्ध होगा। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2026 को प्रदेश में कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है। किसानों को सुखी-समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के इस महासंकल्प में सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना का महत्वपूर्ण योगदान होगा।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ने अब तक 12 हजार मेगावॉट से अधिक नवकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित कर ली है। सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के तहत 4 हजार 22 मेगावॉट की सोलर परियोजनाएं आवंटित की गई हैं। इससे मात्र 2 रुपए 40 पैसे से 2 रुपए 85 पैसे प्रति यूनिट की किफायती दर पर बिजली उपलब्ध होगी। मध्य प्रदेश वर्तमान में केवल पॉवर स्टेट ही नहीं, बल्कि ग्रीन पॉवर स्टेट बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
सीएम ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियां इस बात का प्रमाण हैं कि ऊर्जा और ईंधन के लिए देश का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। सौर ऊर्जा के लिए किए जा रहे कार्य प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में सूर्य का आध्यात्मिक महत्व सदा से रहा है। वर्तमान काल में सूर्य देव ऊर्जा का प्रमुख स्त्रोत बनकर सभी का कल्याण कर रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने जन्मदिवस पर प्रदेश के किसानों को सस्ती बिजली का उपहार दे रहे हैं। यह कदम उनकी किसानों के प्रति संवेदनशीलता के भाव को दर्शाता है। नवीन एवं नवकरणीय मंत्री राकेश शुक्ला ने अपने घरों पर विद्युत उत्पादन के लिए रूफ टॉप लगवाने का प्रदेशवासियों से आहवान किया।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच

