मध्य प्रदेश: इंदौर में चोर ने ज्वेलरी शॉप के बनाया निशाना, सोने की थैली चुराकर हुए फुर्र
इंदौर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इन्दौर शहर में एक अज्ञात चोर ने बड़ी चतुराई से एक ज्वेलरी शॉप को अपना निशाना बनाया। यह घटना चंदन नगर थाना क्षेत्र के जवाहर टेकरी इलाके की है।
गहने खरीदने का बहाना बनाकर दुकान में घुसे बदमाश ने दुकानदार को बातों में उलझाया और मौके का फायदा उठाकर सोने से भरा पाउच चोरी कर लिया। वारदात के बाद आरोपी बड़ी ही सफाई से दुकान से बाहर निकल गया।
पुलिस के मुताबिक फरियादी आशीष पिता गिरधर सोनी निवासी द्वारकापुरी ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी जवाहर टेकरी स्थित दुकान पर आया। उसने आते ही आशीष से छोटे बच्चों की बालियां दिखाने को कहा। जब आशीष ने बालियां दिखाईं, तो आरोपी ने उन्हें यह कहकर मना कर दिया कि उसे ये पसंद नहीं हैं।
दुकानदार जब पेटी में से अन्य फैंसी बालियां निकाल रहा था, तो आरोपी लगातार उसे यह कहकर भ्रमित करता रहा कि यह नहीं, मुझे दूसरी बाली दिखाओ। इसी बीच जब दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ गया, तो शातिर आरोपी ने सोने से भरा एक पाउच अपनी उंगलियों में छिपा लिया।
चोरी करने के तुरंत बाद आरोपी ने दुकानदार से कहा, चलो रहने दो, आपकी बालियां मुझे पसंद नहीं आ रही हैं और दुकान से निकलकर फरार हो गया। फरियादी आशीष को कुछ देर बाद चोरी का अहसास हुआ, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुका था।
फरियादी ने तुरंत चंदन नगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
--आईएएनएस
एमएस/

