Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश कांग्रेस का आगामी रणनीति पर मंथन, कामकाज की समीक्षा

मध्य प्रदेश कांग्रेस का आगामी रणनीति पर मंथन, कामकाज की समीक्षा
मध्य प्रदेश कांग्रेस का आगामी रणनीति पर मंथन, कामकाज की समीक्षा

भोपाल, 28 नवंबर (आईएएनएस ) मध्य प्रदेश में कांग्रेस जमीनी तैयारी में जुटी हुई है, इसके लिए संगठन ने जिन लोगों को जिम्मेदारी सौंपी है, उनके कामकाज की समीक्षा की जा रही है ।इतना ही नहीं आगामी रणनीति पर मंथन भी किया जा रहा है । प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में शनिवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में विधानसभा प्रभारियों की महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न हुई।

कार्यशाला में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, प्रदेश संगठन प्रभारी संजय कामले, मुन्ना रघुवंशी एवं ललित सेन सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने तथा बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यशाला में विधानसभा प्रभारियों को पूर्व में सौंपे गए संगठनात्मक दायित्वों की समीक्षा की गई । इसमें ग्राम पंचायत कमेटियों, मंडल कमेटियों एवं ब्लॉक कमेटियों के गठन, उनके कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की प्रगति का आकलन शामिल है । साथ ही जिन क्षेत्रों में अभी नियुक्तियां शेष हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करने पर जोर है।

उन्होंने बताया कि पिछले दिनों प्रदेश में आयोजित आंदोलनों एवं विभिन्न कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और सक्रियता की भी समीक्षा की जा रही है। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान, निष्क्रिय पदाधिकारियों की स्थिति तथा संगठन को और अधिक गतिशील बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

नायक ने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए उत्प्रेरक समूह तैयार किया गया है और अब उनकी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने, जनहित के सवालों पर संघर्ष करने और प्रदेश में एक प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए आगामी कार्यक्रमों एवं रणनीतियों को तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य संगठनात्मक जवाबदेही सुनिश्चित करना, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूत, सक्रिय एवं जनहित के संघर्षों में अग्रणी बनाना है।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम

Share this story