मध्य प्रदेश: सीएम मोहन यादव ने युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान करने पर पीएम मोदी का जताया आभार
भोपाल, 23 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 19वें रोजगार मेले में अलग-अलग सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के रोजगार मेले का उद्घाटन किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीएम मोदी की सराहना करते हुए नियुक्त पत्र प्राप्त करने वाले सभी युवाओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की है।
मुख्यमंत्री मोहन मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने से युवाओं की उन्नति के लिए केंद्र सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता अभिव्यक्त होती है। निश्चित ही युवाओं की उन्नति से भारत विकास की ऊंची उड़ान भरेगा।
सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 19वें रोजगार मेले में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र पदान किए जाने पर सोशल मीडिया के माध्यम से उनका आभार माना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नियुक्त पत्र प्राप्त करने वाले सभी युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज देशभर के हजारों युवाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिवस है। आज 51,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला है। इस उपलब्धि के लिए मैं सभी को बहुत बहुत बधाई देता हूं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नवनियुक्त युवाओं से संवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज आप सभी देश की विकास यात्रा में अहम भागीदार बन रहे हैं, जिम्मेवार भागीदार बन रहे हैं। रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, हेल्थ, एजुकेशन और दूसरे कई क्षेत्रों में आप सभी नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में आप सभी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

