Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति में संगठन की मजबूती पर होगा मंथन: हेमंत खंडेलवाल

मध्य प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति में संगठन की मजबूती पर होगा मंथन: हेमंत खंडेलवाल
मध्य प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति में संगठन की मजबूती पर होगा मंथन: हेमंत खंडेलवाल

भोपाल, 25 अगस्त (आईएएनएस )। भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई की दो दिवसीय प्रदेश कार्य समिति की बैठक ओरछा में होने जा रही है । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि इस बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक मंथन किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तिथि पहले घोषित की थी, परंतु दतिया उपचुनाव के कारण आगे बढ़ाई गई थी। प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में 30 अगस्त को प्रातः 9 बजे शुरू होगी और 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे समाप्त होगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया है कि बैठक में केंद्रीय मंत्री, कोर समिति, राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और मोर्चाे के अध्यक्ष सहित लगभग 300 नेतागण शामिल होंगे।

खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक मंथन किया जाएगा। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार एवं प्रशिक्षण सहित पार्टी की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी।

उन्होंने आगे बताया कि कार्यसमिति बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने, उनके बेहतर क्रियान्वयन तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच

Share this story

Tags