Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश: बच्चों से जुड़े निर्णय में उनकी हिस्सेदारी जरूरी

मध्य प्रदेश: बच्चों से जुड़े निर्णय में उनकी हिस्सेदारी जरूरी
मध्य प्रदेश: बच्चों से जुड़े निर्णय में उनकी हिस्सेदारी जरूरी

भोपाल, 20 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में विश्व बाल दिवस की अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों से लेकर विशेषज्ञों ने खुलकर अपनी बात रखी। सभी का यही मानना रहा है कि बच्चों के जीवन और भविष्य से जुड़े निर्णय में उनकी हिस्सेदारी जरूरी है। राजधानी में विश्व बाल दिवस पर मेरा दिन, मेरे अधिकार, मेरा भविष्य की थीम पर आयोजित कार्यक्रम रहा। युवाओं, बाल अधिकारों के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बच्चों के लिए काम करने वाली संस्था यूनिसेफ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में यूथ फॉर चिल्ड्रन के युवाओं ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों और सामाजिक मुद्दों पर विचार साझा किए। मेडिकल की छात्रा वंशिका ने महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य और उससे जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के अपने प्रयासों पर बात की।

वहीं, दिव्यांग युवा तैराक अनन्या ने बताया कि किस तरह अपने माता-पिता और कोच के प्रोत्साहन से उन्होंने तैराकी के प्रति अपने डर पर काबू पाया और इस क्षेत्र में आगे बढ़ीं। अन्य प्रतिभागियों ने पशु कल्याण, मीडिया, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सामुदायिक विकास से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। संवाद और सहभागिता आधारित गतिविधियों के माध्यम से युवाओं ने अपने विचार रखे और अपने समुदायों में बदलाव लाने के तरीकों पर चर्चा की।

इस आयोजन में इस बात पर खास जोर दिया गया कि बच्चों के बारे में चर्चा करने के साथ-साथ उन्हें उन चर्चाओं और निर्णयों का सक्रिय हिस्सा बनाना भी जरूरी है, जो उनके जीवन और भविष्य को प्रभावित करते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनिसेफ मध्य प्रदेश फील्ड ऑफिस प्रमुख विलियम हैनलॉन ने निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में बच्चों और युवाओं की सार्थक भागीदारी पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बच्चों को उन सभी निर्णयों में अपनी बात रखने और सुने जाने का अधिकार है, जो उनके जीवन को प्रभावित करते हैं। युवाओं को ऐसे मंच, अवसर और संसाधन मिलने चाहिए, जिनके माध्यम से वे अपनी बात रख सकें, समुदाय के विकास में योगदान दे सकें और अपनी पूरी क्षमता हासिल कर सकें।

कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट, यूनिसेफ मध्यप्रदेश अनिल गुलाटी ने विश्व बाल दिवस की महत्ता और इस वर्ष की थीम पर बात करते हुए कहा कि हर दिन बाल दिवस होना चाहिए, क्योंकि प्रत्येक बच्चे को उन निर्णयों में अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए, जो उसके भविष्य को तय करते हैं। 'मेरा दिन, मेरे अधिकार, मेरा भविष्य' की थीम हमें याद दिलाती है कि बच्चों को केवल भविष्य का हिस्सा नहीं, बल्कि भविष्य को आकार देने वाली आवाज बनना चाहिए।

बाल कल्याण समिति, सदस्य डॉ. कृपा शंकर चौबे ने बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को अपने साथ होने वाली किसी भी समस्या के बारे में खुलकर आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। बाल कल्याण समितियों, बाल-अनुकूल पुलिस व्यवस्था, विशेष न्यायालयों और बाल विवाह रोकथाम के लिए गांव स्तर पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा अपनी बात रखने और सहायता पाने से वंचित न रहे।

यूनिसेफ इंडिया की पहली यूथ एडवोकेट और अंतरराष्ट्रीय मूक-बधिर बैडमिंटन खिलाड़ी गौरांशी शर्मा ने युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को अपने सपने चुनने की आजादी होनी चाहिए और परिवार एवं समाज को उन सपनों को पूरा करने में उसका साथ देना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले और अवसरों की कमी का सामना करने वाले बच्चों को विशेष सहयोग की जरूरत है, ताकि वे अपनी क्षमताओं को पहचान सकें और अपने मनचाहे भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।

सेफ टूरिज्म फॉर विमेन, मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की सलाहकार डॉक्टर रंजना मिश्रा ने बताया कि मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ग्रामीण क्षेत्रों की युवतियों को ऐसे कौशल सिखाने के लिए प्रयासरत है, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उन क्षेत्रों में भी करियर के अवसर तलाशने में मदद करें, जहां परंपरागत रूप से पुरुषों का वर्चस्व रहा है। सही अवसर और सहयोग मिलने से ये युवतियां सामाजिक बाधाओं को पार कर अपने लिए नई राह बना सकती हैं।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags