Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश : एटीएस ने धार से हाजी अजहर को किया गिरफ्तार, नईम कुरैशी को 4 दिन की रिमांड पर भेजा

भोपाल, 14 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश एटीएस ने देश विरोधी गतिविधियों के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए धार जिले से हाजी अजहर नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एटीएस की यह कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही।
मध्य प्रदेश : एटीएस ने धार से हाजी अजहर को किया गिरफ्तार, नईम कुरैशी को 4 दिन की रिमांड पर भेजा

भोपाल, 14 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश एटीएस ने देश विरोधी गतिविधियों के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए धार जिले से हाजी अजहर नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एटीएस की यह कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही।

एटीएस ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड और सीनियर एजेंट नईम कुरैशी को भी गिरफ्तार किया है। नईम कुरैशी को उत्तर प्रदेश के सारंगपुर क्षेत्र से दबोचा गया। कोर्ट ने उसे 4 दिन की एटीएस रिमांड पर भेज दिया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी नईम कुरैशी पर महत्वपूर्ण और संवेदनशील जानकारियां विदेशी तत्वों तक पहुंचाने का गंभीर आरोप है। एटीएस सूत्रों ने बताया कि सऊदी अरब में बैठे पाकिस्तानी हैंडलर युवकों को जिहाद के लिए उकसा रहे थे। नईम कुरैशी इस नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा था।

जांच में पता चला है कि नईम कुरैशी ने भोपाल के मोहम्मद फराज को कथित तौर पर ट्रेनिंग दी थी और उसे अफगानिस्तान भेजने की योजना बना रहा था। मोबाइल फोन की जांच में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के नंबरों से लगातार बातचीत के सबूत मिले हैं। आरोपी बोटिम ऐप के जरिए विदेशी हैंडलर्स से संपर्क रखता था।

एटीएस को जिहादी साहित्य, संदिग्ध दस्तावेज और मदरसों से जुड़े संदिग्ध लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं। उत्तर प्रदेश के कई शहरों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

एटीएस की टीम हरियाणा के नूंह जिले से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर भोपाल पहुंची है। अधिकारियों को आशंका है कि यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और स्लीपर सेल की तर्ज पर काम कर रहा था। एटीएस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से छानबीन की जा रही है। छापेमारी और पूछताछ दोनों जारी हैं। इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

मध्य प्रदेश एटीएस प्रमुख ने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की देश विरोधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से आतंकवाद विरोधी एजेंसियों को एक बड़ा सुराग मिला है। जांच टीम अब इस नेटवर्क के वित्तीय स्रोत, विदेशी कनेक्शन और संभावित टारगेट की भी पड़ताल कर रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम

Share this story

Tags