मादक पदार्थ की तस्करी मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया, दो सप्लायर को भी पकड़ा
इंदौर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। इंदौर में मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास पुलिस ग्राहक बनकर गई थी। पुलिस ने महिला से पूछताछ के दौरान राजस्थान के रहने वाले बड़े सप्लायर को भी पकड़ा है।
डीसीपी कुमार प्रतीक के मुताबिक, शहर में लगातार मादक पदार्थ की तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस की ओर से ब्रेक ट्रैकिंग कर यानी कि कड़ी से कड़ी जोड़ कर तस्करों से ही पूछताछ में आने वाले नाम के आधार पर कार्रवाई को अंजाम देने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधवा के नेतृत्व में टीम गठित कर सूचना के आधार पर अमान नामक युवक को पकड़ा गया था।
डीसीपी के मुताबिक, अमान के पास से 11 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। उससे पूछताछ के दौरान फिरदौस नाम की महिला का नाम सामने आया था, जिसको लेकर बताया गया था कि वह कपड़ों में छुपा कर मादक पदार्थ की तस्करी करती है। पुलिस ने ग्राहक बनकर महिला से मादक पदार्थ को लेकर संपर्क किया।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने फिरदौस को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 15 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया है। जब महिला से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह यह मादक पदार्थ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ निवासी नारायण चौहान से कम दामों में खरीद कर अधिक दामों में शहर में बेचती थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नारायण को भी गिरफ्तार कर लिया। उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तस्करों से पूछताछ के दौरान जो नाम सामने है, उनसे करीब डेढ़ लाख रुपए का मादक पदार्थ जब्त किया। अभी पूछताछ जारी और भी कई लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। इसी आधार पर पिछले डेढ़ से दो महीने में एक दर्जन से ज्यादा लोगों पर इस तरह की कार्रवाई की गई है।
खजराना थाने के प्रभारी मनोज सेंधवा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक शख्स की ओर से ड्रग का काम किया जा रहा है। गुप्त सूचना के अधार पर अमान शेख को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था। फिरदौस नाम की महिला द्वारा अमान शेख को ड्रग्स सप्लाई की जा रही थी। उन्होंने बताया कि नए मामले में तीन आरोपियों से पूछताछ जारी है।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी

