Samachar Nama
×

मां तारा देवी महोत्सव सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक : प्रेम कुमार

मां तारा देवी महोत्सव सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक : प्रेम कुमार
मां तारा देवी महोत्सव सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक : प्रेम कुमार

गया जी, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार रविवार को गया जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र के केसपा गांव में आयोजित मां तारा देवी महोत्सव 2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मां तारा देवी की पूजा-अर्चना कर बिहार सहित पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मां तारा देवी महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

प्रेम कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में देवी-देवताओं के प्रति आस्था केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे संस्कारों, जीवन मूल्यों, सामाजिक एकता और नैतिक आदर्शों का आधार है। मां तारा देवी की आराधना श्रद्धा, शक्ति, करुणा और लोककल्याण की प्रेरणा देती है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी प्राचीन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार की धरती आध्यात्मिक चेतना, ज्ञान, तपस्या और सांस्कृतिक वैभव की समृद्ध परंपरा के लिए विश्वविख्यात है। गया जी की पावन भूमि पर भगवान विष्णु के प्रति आस्था, भगवान बुद्ध की करुणा और सनातन परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। यह विरासत पूरी दुनिया को शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश देती है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मां तारा देवी महोत्सव जैसे आयोजनों से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने, संस्कारों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

बिहार में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया जी और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं। इन स्थलों का समुचित विकास होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने नागरिकों से धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने, स्वच्छता को प्राथमिकता देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही महोत्सव के आयोजकों, मंदिर प्रबंधन समिति, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने मां तारा देवी से प्रत्येक परिवार की सुख-समृद्धि और बिहार की निरंतर प्रगति की कामना की।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके

Share this story

Tags