मां के बिना जीवन से भावनात्मक सुरक्षा और घर की छांव दोनों छिन जाती हैं : योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 23 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां के प्रति भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि मां केवल जननी नहीं, बल्कि जगत जननी है। ईश्वर की जननी भी मां ही है। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है। उन्होंने कहा कि मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं ले सकता।
'योगी की पाती' में मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मां को नमन करते हुए लिखा कि मां के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। मां के कारण ही हमारा अस्तित्व है। प्रभु श्रीराम के वनगमन के समय मां कौशल्या का आशीर्वाद, भगवान श्रीकृष्ण का मां की इच्छा से मथुरा के कारावास से गोकुल जाना और मां के संस्कारों से बालक ध्रुव एवं प्रह्लाद का महान व्यक्तित्व बनना मातृत्व की महत्ता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संन्यास जीवन से जुड़ा भावुक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब उनकी प्रथम गुरु और उन्हें अक्षर ज्ञान देने वाली पूज्य मां अनंत यात्रा पर निकल गईं, तो उन्हें संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद की वह घटना याद आ गई, जब वह भगवा वस्त्र धारण कर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे।
उन्होंने लिखा कि गोरखपुर से पंचूर तक की उस यात्रा में भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा था। संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार उन्होंने घर पहुंचकर भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आईं, लेकिन भगवा वस्त्र में बेटे को देखकर उन्हें सहसा विश्वास नहीं हुआ। योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही उन्होंने कहा, "मां, भिक्षा दीजिए।"
इस पर मां ने स्वयं को संभालते हुए पूछा, "बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?" उन्होंने बताया कि इस पर उन्होंने मां से कहा, "मां, संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूर्ण करेगा।"
मुख्यमंत्री ने लिखा कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। जीवन में कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता। हालांकि, हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन अवश्य कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति अपने इसी कर्तव्य को निभाने का प्रयास कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान तभी होगा, जब समाज उसके प्रति अपने दायित्वों को समझेगा। उन्होंने कहा कि हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करेगा।
--आईएएनएस
विकेटी/एएस

