मां के 75वें जन्मदिन पर भावुक हुए राज कुंद्रा, बोले- 'आपके हर त्याग का कर्ज कभी नहीं चुका पाऊंगा'
मुंबई, 6 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता और बिजनेसमैन राज कुंद्रा ने अपनी मां के 75वें जन्मदिन को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। इस मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी मां के प्रति प्यार, सम्मान और आभार व्यक्त किया। राज ने कहा कि उनकी मां ने पूरी जिंदगी उनके लिए जो त्याग, संघर्ष और निस्वार्थ प्रेम किया है, उसका कर्ज वह कभी नहीं चुका सकते। वहीं, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने भी अपनी सास उषा रानी कुंद्रा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपनी 'सबसे अच्छी दोस्त' और 'सबसे बड़ी चीयरलीडर' बताया।
राज कुंद्रा ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनकी मां के साथ बिताए गए कई खूबसूरत और यादगार पल दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के बैकग्राउंड में सवी कहलों का गाना 'तेरे नाल प्यार माये' प्ले हो रहा है। वीडियो में मां-बेटे के बीच का स्नेह, परिवार के साथ बिताए गए पल और कई खास यादें देखने को मिली।
वीडियो के साथ राज कुंद्रा ने कैप्शन में लिखा, ''आपने मेरे लिए जो भी त्याग किए, जो अनगिनत रातें मेरी चिंता में जागकर बिताईं, मेरे लिए जो खामोश दुआएं मांगीं और जो निस्वार्थ प्रेम हमेशा दिया, उसके लिए आपका धन्यवाद करने के लिए मेरे पास शब्द ही नहीं हैं।''
राज ने आगे लिखा, ''आज मैं जिंदगी में जो कुछ भी हैं, आपकी वजह से हूं मां। आपने मुझे हर कदम पर संभाला, आगे बढ़ाया और कभी हार नहीं मानने की सीख दी। मैं जिंदगीभर आपके एहसानों का कर्ज नहीं चुका सकता। मैं हमेशा आपके प्यार और दया का ऋणी रहूंगा।''
अपने पोस्ट में राज ने अपनी मां से हमेशा आशीर्वाद बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने लिखा, ''मैं सिर्फ इतना चाहता हूं कि आपका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ बना रहे। मैं वाहेगुरु से प्रार्थना करता हूं कि वह आपको लंबी उम्र, अच्छा स्वास्थ्य, खुशियां और जिंदगी के कई खूबसूरत साल दें। मैं आपसे कहीं ज्यादा प्यार करता हूं। हैप्पी बर्थडे, मां।''
वहीं, शिल्पा शेट्टी ने भी अपनी सास उषा रानी कुंद्रा के 75वें जन्मदिन पर एक खास वीडियो शेयर किया और कैप्शन में लिखा, ''मेरी जानकारी में आप सबसे युवा सोच रखने वाली और सबसे कूल मदर-इन-लॉ हैं। जिंदगी को पूरे उत्साह के साथ जीने का आपका अंदाज सचमुच प्रेरित करता है। मेरी कामना है कि आप हमेशा जिंदगी में ऐसे ही खुश रहें और भांगड़ा करते हुए हर पल का आनंद लें। आपकी हर दुआ और आशीर्वाद के लिए मैं दिल से आपका धन्यवाद करती हूं।''
उन्होंने लिखा, ''मैं आपकी आभारी हूं कि मुझे दुनिया की सबसे बेहतरीन सास मिलीं, जो मेरी सच्ची दोस्त और सबसे बड़ी चीयरलीडर भी हैं। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और आने वाले कई खूबसूरत वर्षों की कामना करती हूं। हम सभी आपसे बहुत प्यार करते हैं।''
--आईएएनएस
पीके/पीएम

