आप सभी का काम शब्दों से परे...मां बनी सोनम कपूर ने हॉस्पिटल की टीम का जताया आभार
मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। हाल ही में दूसरी बार मां बनी अभिनेत्री सोनम कपूर ने सोशल मीडिया पर अपनी दो खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट करते हुए अस्पताल की टीम का आभार व्यक्त किया है। सोनम का मानना है कि अस्पताल की टीम का काम शानदार रहा और उनके लिए आभार शब्दों से परे है।
सोनम ने इंस्टाग्राम लिखा कि उनके दूसरे बेटे के जन्म के दौरान एचएन रिलायंस हॉस्पिटल ने पूरे अनुभव को यादगार और अविश्वसनीय बना दिया। सोनम कपूर ने अपनी पोस्ट में अस्पताल की पूरी टीम, खासकर अपनी ओबीजीवाईएन डॉक्टर अवन दादिना का विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, “डॉ. अवन दादिना ने मेरी दोनों प्रेग्नेंसी के दौरान मेरी देखभाल व मार्गदर्शन किया। उनकी देखभाल में एक ऐसा भरोसा, शांति और आश्वासन महसूस होता है, जो बहुत कम देखने को मिलता है। मैं उनके सहयोग, समझदारी और विनम्रता के लिए हमेशा आभारी रहूंगी।”
सोनम ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा, “आप सभी ने न सिर्फ पेशेवर तरीके से काम किया बल्कि अपनी कोमलता, सहानुभूति और सच्ची परवाह से उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया। अस्पताल में हमेशा ऐसी उम्मीद नहीं की जाती, लेकिन ऐसा ही होना चाहिए। इसी बात ने इस अनुभव को इतना यादगार बना दिया।”
उन्होंने अस्पताल की चेयरपर्सन नीता अंबानी का भी शुक्रिया अदा किया और लिखा, “नीता आंटी ने जो कुछ बनाया है, वह सचमुच कमाल का है, एक ऐसी जगह जहां बेहतरीन सेवा और करुणा का अद्भुत मेल देखने को मिलता है।”
पोस्ट के अंत में सोनम ने लिखा, “मैं बहुत ज्यादा आभारी, सुरक्षित और धन्य महसूस कर रही हूं। हमारी देखभाल करने वाली इस बेहतरीन टीम की मैं हमेशा आभारी रहूंगी, यहां का अनुभव मेरे लिए बेहद खास रहा।”
सोनम कपूर ने बीते साल नवंबर में अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी और सोशल मीडिया पर 29 मार्च को किए पोस्ट में बताया कि अब दो बच्चों की मां बन चुकी हैं। सोनम ने पोस्ट में खुशी जाहिर करते हुए लिखा था, “बेहद शुक्रगुजार और प्यार से भरे दिलों के साथ, हमें 29 मार्च को अपने बेटे के आने की खुशखबरी सुनाते हुए बहुत खुशी हो रही है। हमारा परिवार और बड़ा हो गया है और उसके आने से हमारे दिल खुशियों से और भी ज्यादा भर गया है।”
उन्होंने अगस्त 2022 में अपने पहले बेटे वायु का को जन्म दिया था। अब उनका परिवार चार सदस्यों का हो गया है।
--आईएएनएस
एमटी/पीएम

