लुधियाना में सफाई व्यवस्था की निगरानी करने मैदान में उतरेंगे अफसर: मेयर इंदरजीत कौर
लुधियाना, 12 जून (आईएएनएस)। पंजाब सरकार के ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस शुक्रवार को लुधियाना पहुंचे, जहां उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों से बातचीत कर जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
लुधियाना की मेयर इंदरजीत कौर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पंजाब सरकार के मंत्री हरजोत सिंह बैंस दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों को देखा और लोगों से बात की। हम लोगों को अच्छा लगा कि वह ऐसा बिना सूचना के आए और हमारे कार्यों को देखा। उन्होंने कई कामों को लेकर सुझाव भी दिया है, उसे आगे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंत्री ने पहले शहर के कई इलाकों का दौरा किया, उसके बाद अधिकारियों के साथ एक बैठक की थी, जिसमें उन्होंने अधिकारियों से भी बात की और उन्हें उचित दिशा-निर्देश दिया गया है। लुधियाना में लगातार विकास के काम हो रहे हैं और लोगों को कोई परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मेयर ने बताया कि दस दिनों में फिर से कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस का दौरा हो सकता है जिसमें वो फिर से विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और जो आज आदेश दिया है उसका कितना पालन हुई है इसको लेकर अधिकारियों के साथ बात भी करेंगे।
मंत्री हरजोत बैंस ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पंजाब सरकार लुधियाना को साफ-सुथरा और सुंदर शहर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मिशन क्लीन पंजाब के तहत प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक अधिकारी मैदान में उतरकर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान जहां भी कोई कमी पाई गई है, उसे तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सफाई कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना गया है।
उन्होंने कहा कि मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए शहर में सीवरेज ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। जिन क्षेत्रों में सीवरेज और ड्रेनेज से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य पूरे शहर को ‘जीरो मैनहोल सिटी’ बनाना है। इसके तहत प्रत्येक पार्षद और जूनियर इंजीनियर (जेई) से उनके क्षेत्र में खुले मैनहोल न होने का प्रमाणपत्र लिया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएके/डीएससी

