Samachar Nama
×

लखनऊ : पीजीआई के सभाखेड़ा में मारपीट के बाद युवक की मौत, 4 हिरासत में

लखनऊ : पीजीआई के सभाखेड़ा में मारपीट के बाद युवक की मौत, 4 हिरासत में
लखनऊ : पीजीआई के सभाखेड़ा में मारपीट के बाद युवक की मौत, 4 हिरासत में

लखनऊ, 25 सितंबर (आईएएनएस)। लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में मारपीट की घटना में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम 7:30 बजे की है। पीजीआई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभाखेड़ा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट में प्रवीण (26) घायल हो गया था। पुलिस की टीम ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस संबंध में डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक ने बताया कि पीजीआई इलाके के सभाखेड़ा मोहल्ले में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और प्रवीण नामक घायल युवक को तुरंत बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।"

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष आपस में पड़ोसी हैं। उनके बीच पहले भी गाली-गलौज और कहासुनी को लेकर विवाद हो चुका है। पुलिस के अनुसार, बुधवार को भी दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज को लेकर ही विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया और इस दौरान यह घटना घटित हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा सके।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। मामले में चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही जारी है और मौके पर शांति है और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story

Tags