लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
लखनऊ, 6 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी के महानगर थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने भाई सौरभ श्रीवास्तव की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को डायल-112 पर मकान मालिक द्वारा सूचना दी गई कि उनके किरायेदार हिमांशु श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी रश्मि की मृत्यु होने की जानकारी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान हिमांशु श्रीवास्तव, जो वर्तमान में सूचना अधिकार प्रकोष्ठ, डालीगंज, कमिश्नरेट लखनऊ में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं, अपने घर पर मौजूद मिले। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान उन्होंने घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
पुलिस को घर के अंदर रश्मि (40) का शव फर्श पर पड़ा मिला। शव के सिर के आसपास खून के निशान पाए गए, जिसके बाद मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस उपायुक्त (मध्य) ने भी मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि पति से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

