लखनऊ में एलडीए का बड़ा अभियान: 71 प्रतिष्ठान सील, 83 को नोटिस, कोचिंग सेंटर्स से लेकर होटल और नर्सिंग होम पर भी कार्रवाई
लखनऊ, 24 जून (आईएएनएस)। अलीगंज में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शहरभर में मानकों के विपरीत संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। बुधवार को पूरे दिन चली कार्रवाई में 71 प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि 83 भवन मालिकों और प्रबंधकों को नोटिस जारी किए गए। कार्रवाई की जद में कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, डांस स्टूडियो, प्ले ग्रुप स्कूल, ब्लड बैंक, कंप्यूटर इंस्टीट्यूट, नर्सिंग होम, होटल और व्यावसायिक कॉम्पलेक्स सहित कई प्रतिष्ठान आए।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन विभाग ने अग्निशमन विभाग और लखनऊ पुलिस के साथ संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। उपाध्यक्ष ने बताया कि शहर में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार तीन सप्ताह तक चलाया जाएगा।
मंगलवार देर शाम एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सभी जोनल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। बैठक में उन्होंने कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी, होटल, नर्सिंग होम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में बुधवार को एलडीए के प्रवर्तन विभाग ने सभी सात जोनों में व्यापक अभियान चलाया।
प्रवर्तन जोन-7 में संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया, जहां 14 प्रतिष्ठानों को सील किया गया और 20 के खिलाफ नोटिस जारी किए गए।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के नेतृत्व में गोमतीनगर के विराज खंड, विनीत खंड और विवेक खंड क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एलन कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट, अनएकेडमी एंड करियर प्वाइंट, विद्यापीठ, अग्रवाल क्लासेस, नारायण कोचिंग और आईक्यू हब सहित कुल 9 कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह की टीम ने कानपुर रोड योजना और कृष्णानगर क्षेत्र में निरीक्षण किया। यहां फिजिक्स वाला, महिंद्रा कोचिंग, एलन, आकाश इंस्टीट्यूट और सेंच्यूरियन समेत 16 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया। इसके अलावा 16 भवन मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में हजरतगंज क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां एलन कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट, मोशन और ग्रैविटी सहित 14 प्रतिष्ठानों को सील किया गया। साथ ही 20 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए।
वहीं, प्रवर्तन जोन-5 में निरीक्षण के दौरान पांच भवनों को सील किया गया और 21 भवन मालिकों के खिलाफ नोटिस जारी किए गए।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने कृष्णानगर, विजय नगर और मानक नगर क्षेत्रों में अभियान चलाया। यहां मानकों के विपरीत बनी इमारतों में संचालित ब्राइट फ्यूचर लाइब्रेरी, डिफेंस करियर एकेडमी और होटल गुरवीर समेत सात प्रतिष्ठानों को सील किया गया।
इसी तरह प्रवर्तन जोन-4 में एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए छह प्रतिष्ठानों को सील किया गया और सात भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और भवन मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, भवन निर्माण और अन्य आवश्यक मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर में संचालित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा, अन्यथा उनके खिलाफ सीलिंग और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

