Samachar Nama
×

लखनऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों का मंत्री सुरेश खन्ना और मेयर ने किया निरीक्षण, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

लखनऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों का मंत्री सुरेश खन्ना और मेयर ने किया निरीक्षण, राहत कार्य तेज करने के निर्देश
लखनऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों का मंत्री सुरेश खन्ना और मेयर ने किया निरीक्षण, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

लखनऊ, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के किनारे बसे बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह अत्यधिक बारिश के कारण उत्पन्न हुई एक प्राकृतिक आपदा है, जिसकी वजह से गोमती किनारे के निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी है। सरकार ने इस पूरे मामले का गंभीरता से संज्ञान लिया है और पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।

मंत्री खन्ना ने नगर निगम की टीम के काम की सराहना करते हुए कहा, "हमारी मेयर, नगर आयुक्त और उनकी पूरी टीम पिछले कई दिनों से लगातार यहां तैनात हैं। वे दिन-रात बाढ़ के असर को कम करने और लोगों के सामने आ रही चुनौतियों को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।"

उन्होंने राहत कार्यों में सहयोग कर रही स्वयंसेवी संस्थाओं और सीएसआर के जरिए मदद करने वाली कंपनियों और लोगों का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इस इलाके का हवाई सर्वेक्षण किया है और उन्होंने भरोसा दिलाया है कि सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित सभी लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं, मेयर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि नगर निगम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय है। उन्होंने कहा, "हम लगातार इस इलाके का दौरा कर रहे हैं और नगर निगम की पूरी टीम यहां मौजूद है। लगभग 20 दिन से हमारे करीब 1,000 कर्मचारी जमीन पर काम कर रहे हैं।"

मेयर ने कहा कि बाढ़ के बाद बीमारियों के फैलने का खतरा सबसे बड़ा होता है, इसलिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दवाओं का छिड़काव, कचरा निस्तारण और पेयजल की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में संपर्क नंबर जारी किए गए हैं और जब भी कोई जरूरतमंद व्यक्ति किसी भी सहायता के लिए कॉल करता है, तो उसे तुरंत राहत सामग्री और जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन राहत शिविरों में भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित कर रहा है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share this story

Tags