Samachar Nama
×

लखनऊ : चारबाग रेलवे स्टेशन पर शेड गिरने से तीन यात्री घायल, सख्त कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ, 29 मई (आईएएनएस)। लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म पर टीन शेड गिरने से कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लखनऊ : चारबाग रेलवे स्टेशन पर शेड गिरने से तीन यात्री घायल, सख्त कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ, 29 मई (आईएएनएस)। लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म पर टीन शेड गिरने से कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर हुई। जिस वक्त घटना हुई, उस वक्त प्लेटफॉर्म पर कई लोग मौजूद थे। शेड गिरने के बाद कई यात्री इसकी चपेट में आ गए। तीन यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय रेलवे अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। शेड के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायलों को आलमबाग के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, घायलों से मुलाकात करने के लिए डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) भी अस्पताल पहुंचे।

घटना के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 5 से ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। प्लेटफॉर्म नंबर 4 भी प्रभावित बताया जा रहा है। रेलवे के कर्मी शेड को हटाने में लगे हुए हैं।

लखनऊ मंडल रेल प्रबंधक के आधिकारिक बयान के अनुसार, चारबाग स्टेशन पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-5 के शेड का एक हिस्सा नीचे गिर गया। घटना में तीन लोगों को चोटें आई हैं। आरपीएफ कर्मियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला। घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे की मेडिकल टीम भी उनकी सहायता कर रही है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, लखनऊ स्टेशन पर एयर कॉनकोर्स के निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी वजह से 15 मई से 23 जून तक प्लेटफॉर्म नंबर-4 को यात्री ट्रेनों के लिए बंद रखा गया है।

डीआरएम की ओर से कहा गया है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार एजेंसी और रेलवे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags