Samachar Nama
×

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी; कई यात्री घायल, ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी; कई यात्री घायल, ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी; कई यात्री घायल, ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी

लखनऊ, 9 नवंबर (आईएएनएस)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा लखनऊ में जीरो पॉइंट मोहन के पास हुआ। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों और एक बच्चे को उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की भी सूचना है।

जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी (हरियाणा) से छपरा (बिहार) जा रही बस सोमवार सुबह 7:08 बजे जीरो पॉइंट मोहन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में उस समय लगभग 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) लखनऊ अंकुश मित्तल के निर्देशन और नेतृत्व में अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रभारी आलमबाग सुमित प्रताप सिंह के साथ फायर स्टेशन आलमबाग से एक फायर टेंडर, सरोजनी नगर से रेस्क्यू व्हीकल और हजरतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल (एमडीआरवी) को मौके पर भेजा गया।

पुलिस बल के साथ मिलकर अग्निशमन विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्हें बाहर निकालने के लिए एमडीआरवी में उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए बस के भीतर फंसे 15 से 16 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था।

अग्निशमन विभाग के मुताबिक, सभी टीमों के बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते महज 35 मिनट में पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों और बच्चे को तत्काल एंबुलेंस से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

वहीं, चित्रकूट से दीपदान कर ट्रैक्टर-ट्राली से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्राली पटल गई, जिसमें चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, इसके साथ ही 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्रयागराज रेफर किया गया है और सात लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags