Samachar Nama
×

लखनऊ अग्निकांड पर अभाविप ने जताया गहरा शोक, उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

लखनऊ, 22 जून (आईएएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में विद्यार्थियों की मौत और कई अन्य के घायल होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
लखनऊ अग्निकांड पर अभाविप ने जताया गहरा शोक, उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

लखनऊ, 22 जून (आईएएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में विद्यार्थियों की मौत और कई अन्य के घायल होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।

परिषद ने इसे अत्यंत हृदयविदारक, दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह हादसा अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी, नियमित निरीक्षण की कमी और प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम प्रतीत होता है।

अभाविप ने बयान में कहा कि शिक्षा ग्रहण करने पहुंचे विद्यार्थियों का इस प्रकार असमय काल-कवलित होना सुरक्षा व्यवस्था और नियामकीय तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

परिषद ने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य के निर्माता हैं और कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों तथा अन्य शैक्षणिक परिसरों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। परिषद ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा है कि जिन व्यक्तियों, संस्थाओं अथवा अधिकारियों की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष लापरवाही इस हादसे के लिए जिम्मेदार पाई जाए, उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अभाविप ने प्रदेशभर में संचालित कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और अन्य शैक्षणिक परिसरों का विशेष अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराने की भी मांग की। परिषद का कहना है कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

घटना के बाद अभाविप कार्यकर्ता प्रभावित विद्यार्थियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए सक्रिय हो गए हैं। परिषद ने आपात सहायता, समन्वय और आवश्यक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अभाविप ने कहा कि उसके कार्यकर्ता राहत एवं सहायता कार्यों में हरसंभव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।

अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि अलीगंज में हुई यह घटना पूरे विद्यार्थी समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं हो सकता। यदि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

अभाविप के अवध प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जिम्मेदार तंत्र की विफलता का परिणाम प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए तथा प्रदेश के सभी शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक परीक्षण कराया जाना चाहिए।

--आईएएनएस

विकेटी/एएसएच

Share this story

Tags