लखनऊ : 100वें जन्मदिन पर प्रतिभा जोशी को सीएम योगी की शुभकामनाएं, अधिकारियों ने पहुंचकर किया सम्मान
लखनऊ, 16 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की प्रतिभा जोशी ने अपना 100वां जन्मदिन मनाया। उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रतिभा जोशी ने सीएम का शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत के दौरान कहा, "आज मैं 100 साल की हो गई हूं। इसे सभी लोग सेलिब्रेट कर रहे हैं। बहुत अच्छा लग रहा है। वैसे तो मैं स्वस्थ हूं, लेकिन खुद चल नहीं सकती और वॉकर का इस्तेमाल करती हूं। इतना सम्मान और आदर पाकर बहुत अच्छा लग रहा है।"
प्रतिभा जोशी ने कहा कि मेरा मानना है कि किसी से बुरा व्यवहार मत करो और झूठ मत बोलो।
इस दौरान प्रतिभा जोशी ने आईएएनएस से अपनी खट्टी-मीठी आजादी के दौर के किस्से भी सुनाए। उन्होंने सीएम योगी की बधाई पर धन्यवाद भी दिया। प्रतिभा जोशी ने कहा कि देश के बड़े लोगों ने शुभकामनाएं दी है तो जाहिर तौर पर बहुत अच्छा लगा।
डीएम विशाक अय्यर ने आईएएनएस से कहा, "आज हम प्रतिभा जोशी के साथ हैं, जो अपना 100वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्हें मुख्यमंत्री ने भी शुभकामनाएं भेजी हैं। मेयर और मैं यहां मुख्यमंत्री की बधाई और पूरे शहर की शुभकामनाएं व्यक्तिगत रूप से देने आए हैं। मेरा मानना है कि दादी ने सच में एक प्रेरणादायक जीवन जिया है। वह बहुत होनहार छात्रा थीं और 1940 में राज्य में टॉपर रही थीं। "
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल कहती हैं, "सबसे पहले, मुख्यमंत्री की ओर से मैं उन्हें दिल से बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। हमारी 'मां' ऐसे इलाके से आती हैं, जहां शिक्षा तक पहुंचना एक बड़ी चुनौती थी। बच्चों को स्कूल जाने के लिए दो-तीन किलोमीटर का सफर करना पड़ता था और उन दिनों गांवों में लड़कियों को अक्सर कम उम्र में स्कूल नहीं भेजा जाता था। उन सभी मुश्किलों और संघर्षों के बावजूद, उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और उत्तर प्रदेश में टॉपर बनीं।"
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम

